फरीदाबाद में अचानक भरभराकर गिरी दीवार, एक बच्ची की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल
हरियाणा के फरीदाबाद में दीवार गिरने से जहां एक बच्ची की मौत हो गई है, वहीं कई लोग घायल हैं.

Published : June 27, 2026 at 10:31 PM IST
|Updated : June 27, 2026 at 11:07 PM IST
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के पर्वतीय पुलिस चौकी क्षेत्र की पर्वतीय कॉलोनी स्थित गंगा एन्क्लेव पार्ट-2 में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. बिल्डिंग मटेरियल के एक प्लॉट में जेसीबी की मदद से बालू को एक तरफ करते समय दीवार पर बालू का अत्यधिक दबाव पड़ गया. दबाव बढ़ने से करीब 15 फुट ऊंची दीवार अचानक गली की ओर भरभराकर गिर गई. दीवार के साथ भारी मात्रा में बालू भी गली में आ गिरा, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रही एक महिला और चार बच्चियां आ गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. घटना में एक बच्ची की मौत की सूचना मिल रही है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.
अचानक से दीवार गिरी : स्थानीय निवासी ओम दत्त शर्मा ने बताया कि हादसा शाम करीब 5:45 बजे हुआ. उनके अनुसार रोहतास नाम के व्यक्ति के बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट में जेसीबी की मदद से बालू को एक तरफ किया जा रहा था. इसी दौरान बालू का भारी दबाव प्लॉट की दीवार पर पड़ गया. दबाव इतना अधिक था कि करीब 15 फुट लंबी दीवार अचानक गली की ओर गिर गई. दीवार के साथ बड़ी मात्रा में बालू भी बाहर आ गया, जिससे गली से गुजर रही एक महिला और चार बच्चियां उसके नीचे दब गईं.
घायलों को निकाला गया : हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. लोगों ने बिना किसी देरी के अपने स्तर पर मलबा हटाना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि 9 वर्षीय एक बच्ची को गंभीर चोटें आई थीं और उसकी मौत की सूचना मिल रही है. वहीं अंशिका तिवारी (12 वर्ष), शीतल, खुशी और सृष्टि घायल हो गईं. खुशी के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. महिला को भी गंभीर चोटें आई हैं.
लापरवाही का आरोप : स्थानीय लोगों ने इस पूरे हादसे के लिए बिल्डिंग मटेरियल प्लॉट के मालिक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि प्लॉट की दीवार कच्ची और कमजोर थी. कई बार आसपास रहने वाले लोगों ने प्लॉट मालिक को चेतावनी दी थी कि दीवार कभी भी गिर सकती है, लेकिन उसने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया. लोगों का आरोप है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए बिना जेसीबी से काम कराया जा रहा था, जिससे ये हादसा हुआ. स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि हादसे के समय बच्चे गली में खेल नहीं रहे थे, बल्कि महिला के साथ कहीं जा रहे थे, तभी अचानक दीवार और बालू उनके ऊपर आ गिरा.
पुलिस कर रही जांच : घटना की सूचना मिलते ही पर्वतीय पुलिस चौकी और मुजेसर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गली में गिरे मलबे और बालू को हटवाया. इसके बाद पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी. पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि दीवार गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक बच्ची की मौत की सूचना मिल रही है, जबकि अन्य घायल हैं और उनका उपचार जारी है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. जांच में यदि किसी भी व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : हांसी में कुदरत का कहर: बारिश-तूफान से गिरी दीवार, रेहड़ी संचालक की मौत, 12 साल का बेटा घायल
ये भी पढ़ें : नूंह में आंधी का कहर, दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत, कई घायल
ये भी पढ़ें : हरियाणा के सिरसा में जैक से मकान उठाते वक्त बड़ा हादसा, 3 मजदूर दबे, एक की मौत

