झारखंड के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में आज मतदान, पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम
झारखंड के 48 नगर निकाय इलाकों में आज वोटिंग हो रही है, पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

Published : February 23, 2026 at 8:06 AM IST
|Updated : February 23, 2026 at 9:58 AM IST
रांची: झारखंड के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में आज मतदान हो रहा है. आज सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी जिसमें 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. आज होने वाले इस मतदान में पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 22 लाख 07 हजार 203 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 21 लाख 26 हजार 227 है, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 144 है. गैर दलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में मतदाता मेयर और पार्षद के लिए वोट करेंगे. खास बात यह है कि इस बार का चुनाव गैर दलीय आधार पर हो रहा है. हालांकि, सभी पार्टियों ने किसी न किसी उम्मीदवार को अपना समर्थन जरूर दिया है.
बैलेट पेपर द्वारा वोटिंग
झारखंड में आज एक ही दिन में बैलेट पेपर के जरिए वोटिंग कराई जाएगी. मेयर के लिए गुलाबी और पार्षद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर होगा. राज्य में कुल 48 नगर निकाय हैं, जिसमें 09 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं. इन नगर निकायों में 13 ऐसे हैं जहां 2020 से चुनाव लंबित हैं, जबकि रांची समेत बाकी अन्य नगर निगमों और निकायों में 2022 से चुनाव लंबित हैं.
सुरक्षा के सख्त इंतजाम
इस चुनाव में 1087 वार्डों के 4304 बूथों पर मतदान होगा. इस चुनाव में नोटा का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा. चुनाव को देखते हुए सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है.
राज्य में आज सार्वजनिक अवकाश की घोषणा
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर आईडी के अलावा आयोग ने मतदान के लिए मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 12 अन्य सरकारी और गैर सरकारी फोटो पहचान पत्रों को भी मान्यता दी है. मतदान के मद्देनजर झारखंड सरकार ने संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है. ताकि अधिक से अधिक मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. याद रहे कि 27 फरवरी को वोटों की गिनती की जाएगी.
6124 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
इस चुनाव में कुल 6124 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें मेयर, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए 562 उम्मीदवार, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 5562 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही 41 वार्ड पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि शेष सीटों पर आज मतदान हो रहा है.
4304 मतदान केंदों पर हो रही वोटिंग
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. पूरे राज्य में 50 हजार से अधिक मतदानकर्मियों की तैनाती की गई है और मतदाताओं की सुविधा के लिए 4304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मतदान जारी है.
कर्मियों को नहीं मिली है पोस्टल बैलट की सुविधा
हालांकि इस बार चुनाव ड्यूटी में तैनात कई कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएंगे, क्योंकि शहरी निकाय चुनाव में पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मतदान जारी है और शाम 5 बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बाद की मतगणना में सामने आएगा.
यह भी पढ़ें:
झारखंड में निकाय चुनाव की वोटिंग की तैयारी, विभिन्न जिलों के डिस्पैच सेंटर्स से रवाना हुए मतदानकर्मी

