दुमका में वोटिंग को लेकर लोगों मेंं उत्साह, नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित 33 पार्षद के लिए मतदान
दुमका में मतदाता बड़े उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं, कोई महिला सुरक्षा तो कोई विकास के नाम पर वोट दे रहा है.

Published : February 23, 2026 at 12:23 PM IST
दुमकाः जिला नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत में वोटिंग सुबह से चल रही है. लोग अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. वोटिंग शुरू होने के पहले ही मतदाताओं की कतार बूथों पर लग गई. लोगों में काफी उत्साह नजर आया आ रहा है. खास तौर पर महिलाओं की अच्छी भागीदारी देखी जा रही है.
शहर की बेहतर व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर किया मतदान- मतदाता
वोट देने के बाद मतदाताओं ने बताया कि हमने अपना वोट शहर की बेहतर व्यवस्था के मुद्दे पर दिया है. इसमें साफ-सफाई, पेयजल की उचित व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दे मुख्य रूप से शामिल हैं. वहीं महिला मतदाताओं ने बताया कि इन नागरिक सुविधा के अतिरिक्त उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर भी अपना वोट दिया है. 55 हजार मतदाता 182 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे, वोटरों ने बताया कि किन मुद्दों पर उन्होंने वोटिंग की है.

दुमका के 21 और बासुकीनाथ के 12 सीटों पर हो रहा है मतदान
दुमका नगर परिषद के 21 वार्ड और बासुकीनाथ नगर पंचायत के 12 वार्ड के लिए मतदान किया जा रहा है. साथ ही इन दोनों जगहों पर दो अध्यक्ष के पद हैं. दुमका नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत कुल 40,739 मतदाता हैं, जिनमें 20,738 पुरुष एवं 20,001 महिला मतदाता शामिल हैं.
दुमका नगर परिषद में कुल 42 मतदान केंद्र
वहीं, बासुकीनाथ नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 14,254 मतदाता हैं, जिनमें 7,127 पुरुष एवं 7,127 महिला मतदाता हैं. दुमका नगर परिषद में कुल 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 19 संवेदनशील, 18 अति संवेदनशील तथा 05 सामान्य मतदान केंद्र हैं. इसी प्रकार नगर पंचायत बासुकीनाथ में कुल 19 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 03 संवेदनशील एवं 16 सामान्य मतदान केंद्र हैं.

यह भी पढ़ें:
झारखंड में निकाय चुनाव की वोटिंग की तैयारी, विभिन्न जिलों के डिस्पैच सेंटर्स से रवाना हुए मतदानकर्मी

