झारखंड नगर निकाय चुनाव के लिए आज होगी वोटिंग, पोलिंग बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
झारखंड नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान होना है. सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे.

Published : February 23, 2026 at 5:16 AM IST
रांची: झारखंड नगर निकाय चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है. राज्य के 48 नगर निकाय क्षेत्रों में 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. खास बात यह है कि इस बार का चुनाव गैर दलीय आधार पर हो रहा है. हालांकि, सभी पार्टियों ने किसी न किसी उम्मीदवार को अपना समर्थन जरूर दिया है.
आज सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी. जिसमें कुल 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने वोट डालेंगे. जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 22 लाख 07 हजार 203 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 21 लाख 26 हजार 227 है, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 144 है. गैर दलीय आधार पर हो रहे इस चुनाव में मतदाता मेयर और पार्षद के लिए वोट करेंगे. मेयर के लिए गुलाबी और पार्षद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर होगा.
झारखंड में कुल 48 नगर निकाय हैं, जिसमें 09 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं. जहां एक ही दिन में बैलेट पेपर के जरिए वोटिंग कराई जाएगी. इन नगर निकायों में 13 ऐसे हैं जहां 2020 से चुनाव लंबित हैं, जबकि रांची समेत बाकी अन्य नगर निगमों और निकायों में 2022 से चुनाव लंबित हैं. इस चुनाव में 1087 वार्डों के 4304 बूथों पर मतदान होगा. इस चुनाव में नोटा का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा.
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर आईडी के अलावा आयोग ने मतदान के लिए मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 12 अन्य सरकारी और गैर सरकारी फोटो पहचान पत्रों को भी मान्यता दी है. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है.
मतदान के मद्देनजर झारखंड सरकार ने संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है. यह अवकाश परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत घोषित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. मतदान के बाद 27 फरवरी को वोटों की गिनती की जाएगी.

