हाथियों को भगाने की जिम्मेदारी भूले वनकर्मी, ढाबा में बैठकर नशे में हुए टुन्न, ग्रामीणों ने वीडियो किया वायरल
सरगुजा में जिन लोगों के जिम्मे जंगली हाथियों को आबादी से दूर करने की जिम्मेदारी है,वो जाम छलकाते कैमरे में कैद हुए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 3, 2026 at 7:23 PM IST
सरगुजा : अंबिकापुर में दो वनकर्मियों का ड्यूटी के दौरान शराब पीते हुए वीडियो वायरल हुआ है. इस वीडियो में दो वनकर्मी वर्दी में एक ढाबे में इतमिनान से बैठे हुए हैं और उनके सामने शराब की गिलास रखी है. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने वहां दोनों वनकर्मियों को वहां बैठे देखा.पहले तो लगा कि वो खाना खा रहे हैं लेकिन जब सामने की डिस्पोजल गिलास पर नजर गई तो सारा माजरा साफ हो गया.ये वनकर्मी ड्यूटी में जाम छलका रहे थे.देरी ना करते हुए ग्रामीणों ने मोबाइल निकाला और दोनों का वीडियो बना लिया.
वीडियो बनते देख भागा वनकर्मी
जैसे ही ग्रामीणों ने वीडियो बनाना शुरु हुआ एक वनकर्मी अपना जाम छोड़कर भाग खड़ा हुआ,लेकिन दूसरा वनकर्मी इतना नशे में था कि उससे ना तो कुछ बोला गया और ना ही वो अपनी जगह से उठ सका.इस दौरान किसी तरह हिम्मत करके जब वनकर्मी उठा तो ग्रामीणों ने उसे अपना काम पूरा करने के लिए कहा,लेकिन उसे पता था कि उससे क्या गलती हुई है,इसलिए बिना कुछ बोले वो नशे की हालत में ढाबा से निकल गया. हालांकि इस पूरे वीडियो की सत्यता की पुष्टि ईटीवी भारत नहीं करता है.फिर भी वन विभाग ने वीडियो में दिख रहे वनकर्मियों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा है.
वनविभाग के अफसर ने की पुष्टि
इस वीडियो के बारे में जब वनमंडल अधिकारी से पूछा गया तो उन्होंने भी वीडियो की जांच करवाई. उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई देने वाले शख्स वनकर्मी ही हैं.इन दोनों की ड्यूटी हाथी दल के मॉनिटरिंग के लिए लगाई गई थी.क्योंकि जिस इलाके का ये वीडियो है वहां पर पिछले कुछ दिनों से हाथी दल देखा जा रहा था. ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वहां पर वनकर्मियों की रात में ड्यूटी लगाई गई थी,लेकिन दोनों वनकर्मियों का शराब पीते हुए वीडियो संज्ञान में आया है.इस वीडियो के वायरल होने के बाद दोनों वनकर्मियों को नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया है.
ड्यूटी के दौरान छलकाए जाम
आपको बता दें कि बीते दिनों अंबिकापुर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार में हाथियों के दल की सूचना मिली थी. इसके बाद वन विभाग ने दो बीट गार्ड की ड्यूटी हाथियों की मॉनिटरिंग के लिए लगाई थी. लेकिन बीट गार्ड ड्यूटी ना करके किसी ढाबे में जाम छलकाने लगे. इनका दुर्भाग्य तब इनके सामने आ गया जब किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया.वायरल वीडियो पर हमने वन विभाग की एसडीओ आईएफएस स्वेता कम्बोज से बात की तो उन्होंने वीडियो की पुष्टि की
हाथियों की मॉनिटरिंग के लिए वनकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी, वीडियो के संबंध में नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. जवाब आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी- श्वेता कंबोज, एसडीओ
नशे में ड्यूटी और खतरे में ग्रामीणों जान
आपको बता दें कि हाथी दल से गांव को बचाने और लोगों की जान की रक्षा की जिम्मेदारी वनकर्मियों की होती है.लेकिन इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को भुलाकर वर्दी पहने हुए ये वनकर्मी गिलास में शराब उड़ेलकर उसी में डूब गए. आपको बता दें कि वनकर्मियों के भरोसे ही ग्रामीण निश्चिंत होकर अपने घरों में रहते हैं,क्योंकि उन्हें यकीन होता है कि हाथीदल के करीब आने पर मुस्तैद वनकर्मी उन तक खबर पहुंचा देंगे.लेकिन जिस तरह की तस्वीर वनकर्मियों की सामने आई है उसे देखकर लगता है कि कहीं ना कहीं ग्रामीणों को इनकी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ सकता था. जब दोनों वनकर्मी रात के अंधेरे में जाम छलका रहे तो किसी ग्रामीण ने इनकी करतूत को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया और फिर अगली सुबह जनता के बीच सर्कुलेट कर दिया. फिलहाल विभाग ने दोनों वनकर्मियों को नोटिस दिया है लेकिन अब देखना यह होगा कि इन पर कितनी कड़ी कार्रवाई होती है.
नोट- ईटीवी भारत छत्तीसगढ़ वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है
मलांजकुड़ुम जलप्रपात में अव्यवस्थाओं का अंबार, सुविधाएं नहीं होने से पर्यटक बना रहे दूरी
नौगई हत्याकांड दोहराने की धमकी,सोनहत सरपंच को मिला धमकी भरा खत,एसपी से हुई शिकायत
रामगढ़ पर्वत क्षेत्र में खनन मंजूरी का विरोध, 10 लाख पेड़ कटने का दावा, सीएम साय बोले विकास के लिए पेड़ तो कटेंगे

