पप्पू सहनी एनकाउंटर का मुद्दा उठा, मुकेश सहनी बोले- जात के आधार पर एनकाउंटर और जांच क्यों?
बिहार में भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर को लेकर मामला गर्म है. इसी बीच मुकेश सहनी ने पुलिस पर बड़ा हमला किया. पढ़ें खबर

Published : June 25, 2026 at 9:02 PM IST
मुजफ्फरपुर : विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने मुजफ्फरपुर पहुंचकर बिहार पुलिस और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए. उन्होंने आंदोलन की धमकी दी. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है
पप्पू सहनी एनकाउंटर का मुद्दा उठाया : मुकेश सहनी ने करीब चार महीने पहले मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में हुए कथित एटीएम फ्रॉड सरगना पप्पू सहनी के एनकाउंटर को फर्जी बताया. एनकाउंटर की परिस्थितियों पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि घटना के समय मैंने इस मामले का संज्ञान लिया था. उस वक्त एसएसपी ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई.
''पप्पू सहनी पर पिछले तीन वर्षों से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था, फिर भी उसका एनकाउंटर कर दिया गया. जिस पुलिसकर्मी के पेट में गोली लगने की बात कही गई, वह आज भी सुरक्षित है, जबकि पप्पू सहनी की मौत हो गई. इससे पुलिस कार्रवाई पर संदेह गहराता है.''- मुकेश सहनी, अध्यक्ष, VIP
सरकार पर साधा निशाना : मुकेश सहनी ने हालिया भरत भूषण तिवारी हत्याकांड का भी जिक्र किया और सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं दिख रही. सहनी ने कहा कि यदि पप्पू सहनी मामले में समय रहते दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई हुई होती, तो अपराधियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते. वीआईपी सुप्रीमो ने पप्पू सहनी और भारत भूषण तिवारी, दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि दोषी अधिकारियों और अपराधियों पर जल्द कार्रवाई होनी चाहिए.
''यदि अगले महीने तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला, तो वीआईपी पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और शहर में चक्का जाम किया जाएगा. जात के आधार पर एनकाउंटर होने सही नहीं है. पप्पू सहनी एनकाउंटर की जांच के लिए जज क्यों आए.''- मुकेश सहनी, अध्यक्ष, VIP
ये भी पढ़ें:-
'अगर गलत है तो कार्रवाई होगी', भरत तिवारी एनकाउंटर पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा बयान

