धौलपुर में बच्चों के मामूली विवाद खूनी संघर्ष, लाठी-सरियों से पीटकर 21 वर्षीय युवक की हत्या
मनिया थाना पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Published : July 3, 2026 at 10:42 AM IST
|Updated : July 3, 2026 at 10:49 AM IST
धौलपुर : जिले के मनिया थाना क्षेत्र के विपरपुर गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. दो पड़ोसी परिवारों के बीच लाठी-डंडों और सरियों से हुए हमले में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि आरोपी पक्ष के लोग गांव छोड़कर फरार हो गए हैं. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
मनिया थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा. पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है तथा पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है.
इसे भी पढे़ं: कूड़े के विवाद में क्रूरता: मुंडावर में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, 12 जून को दी थी शिकायत, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को बच्चे गांव में खेल रहे थे. इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई. बच्चों का विवाद कुछ ही देर में दोनों परिवारों के बड़ों तक पहुंच गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और सरिए लेकर आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान 21 वर्षीय युवक पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया.
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग गांव से फरार हो गए. सूचना पर मनिया थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
इसे भी पढ़ें: झालावाड़ में रास्ते को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिला की मौत एवं चार घायल

