बाबूलाल के गढ़ में माले ने दी भाजपा को चोट, धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर विनय संथालिया की जीत
धनवार नगर पंचायत का रिजल्ट आ चुका है. विनय अध्यक्ष चुने गए हैं.

Published : February 27, 2026 at 7:11 PM IST
गिरिडीह: जिले के धनवार नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष पद पर विनय कुमार संथालिया ने जीत दर्ज की है. विनय को कुल 3133 मत मिले हैं. जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रोबिन कुमार को 1635 मत मिले हीं. वहीं मंजू देवी 1102 लोगों ने अपना समर्थन दिया था. जीत के बाद विनय को प्रशासन की ओर से सर्टिफिकेट प्रदान किया गया.
विनय संथालिया ने जीत के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि वे भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय धनवार से चुनावी मैदान में थे. जनता ने उनका साथ दिया. साथ ही साथ जनता ने वोटों के माध्यम से यह जवाब दिया कि अब काम का हिसाब देना होगा और लूट का जवाब भी.
भाकपा माले के हैं नेता
यहां बता दें कि विनय संथालिया भाकपा माले के नेता हैं. क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे विनय जनता के मुद्दों पर मुखर भी रहे हैं. विनय की जीत के बाद समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और विनय को फूल माला से लाद दिया. जीत के बाद मौके पर पहुंचे भाकपा माले के नेता सह पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने भी इस जीत को जनता की जीत बताया.
भाजपा-माले का गढ़ है धनवार
यहां बता दें कि धनवार विधानसभा का धनवार बाजार भाजपा और भाकपा माले दोनों का गढ़ माना जाता है. यहां दोनों के समर्थक हैं. यहां से बाबूलाल मरांडी लगातार विधायक रहे हैं तो अध्यक्ष के इस सीट को भी बाबूलाल से जोड़ कर देखा जा रहा था. अब जब इस सीट से माले नेता को तगड़ी जीत मिली है तो भाजपा के समर्थकों में मायूसी देखी जा रही है.
वार्ड चुनाव का रिजल्ट
धनवार नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 से राम कुमार रौशन, वार्ड नंबर 2 से पायल कुमारी, वार्ड संख्या 3 से रजनीश कुमार वर्णवाल, वार्ड नंबर 4 से चिंता देवी, वार्ड नंबर 5 से कंचन देवी, वार्ड संख्या 6 से राजा कुमार ने जीत दर्ज की है.
ये भी पढ़ें-
बुंडू नगर पंचायत में जितेंद्र उरांव की जीत, वार्ड पार्षद के भी नतीजे घोषित
मल्टीनेशनल कंपनी के बाद वार्ड पार्षद, सबसे शिक्षित पार्षद के रूप में बनाई पहचान! जानें, कौन हैं ये

