दिल्ली से हिमाचल प्रदेश तक हलचल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर सियासी संग्राम
युवा कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने मोदी सरकार को निशाने पर लिया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 7:03 PM IST
शिमला: दिल्ली से हिमाचल प्रदेश तक सियासी पारा चढ़ा हुआ है. भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी ने राजनीति में भूचाल ला दिया है. नई दिल्ली से लेकर हिमाचल तक मोदी सरकार का विरोध हो रहा है.
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा, 'अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी सिर्फ एक व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से लोकतांत्रिक मूल्यों पर किया गया सीधा और सोचा समझा हमला है'.
विनय कुमार ने इस कार्रवाई को शर्मनाक, अलोकतांत्रिक और तानाशाही प्रवृत्ति का जीता जागता उदाहरण बताया है. जिसकी कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कड़े शब्दों में निंदा की है. विनय कुमार ने कहा कि एक युवा नेता को सिर्फ इसलिए गिरफ्तार करना कि उसने शांतिपूर्वक अपनी बात रखी, यह साबित करता है कि मोदी सरकार अब युवा शक्ति, सच बोलने वालों और सरकार से सवाल पूछने वालों से घबराने लगी है.
अधिकारों को दबा रही मोदी सरकार
विनय कुमार ने कहा कि जो सरकार युवाओं की आवाज़ से डर जाए, वह कितनी कमजोर और असुरक्षित है, यह देश साफ देख रहा है. उन्होंने कहा कि आज देश में जो माहौल मोदी सरकार ने खड़ा किया है, उसमें हर असहमति को अपराध, और हर विरोध को देशद्रोह जैसा पाप बताने की कोशिश हो रही है।. यह लोकतंत्र की जड़ें खोखली करने वाला खतरनाक कदम है.
उन्होंने कहा कि युवा इस देश की ऊर्जा हैं, उन्हें चुप कराने की कोशिश तानाशाही मानसिकता, अहंकार और डरे हुए नेतृत्व की पहचान है. विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन मोदी सरकार इस अधिकार को दबाने में जुटी हुई है,उन्हें डर है कि युवा सच बोलेंगे, सवाल पूछेंगे और उसकी विफलता को उजागर करेंगे.
'संविधान से चलता है देश'
विनय कुमार ने कहा कि इतिहास गवाह है जब युवाओं, जनता और विपक्ष की आवाज दबाई गई है, सत्ता का पतन उसी तेजी से हुआ है. विपक्ष को कुचलकर, मीडिया को डराकर, और युवाओं को गिरफ्तार करके कोई भी सरकार स्थायी नहीं रह सकती. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को याद रखना चाहिए कि यह देश संविधान से चलता है. किसी एक व्यक्ति के अहंकार, डर या मनमर्जी से नहीं.
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार दमन, भय और दंड की राजनीति छोड़कर संवाद, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना सीखे. विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उदय भानु चिब के साथ खड़ी है. लोकतांत्रिक अधिकारों, युवाओं की आवाज और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है.
ये भी पढ़ें: हिमाचल सदन में बिना वारंट पुलिस की एंट्री? कुलदीप राठौर ने उठाए गंभीर सवाल

