ETV Bharat / state

गांव से दूर उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, ग्रामीणों ने उठाए सवाल, डीसी बोले - जहां लोगों को होगी सुविधा वहीं होगा निर्माण

धनबाद के पुटकी में गांव से 2 किलोमीटर दूर उपस्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध किया है.

Villagers protest
अरलगड़िया पंचायत सचिवालय (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 14, 2026 at 5:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद: जिले के पुटकी थाना क्षेत्र के अरलगड़िया पंचायत में प्रस्तावित उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन के पीछे पहले से चिन्हित सरकारी जमीन को छोड़कर करीब दो किलोमीटर दूर बीसीसीएल की जमीन पर उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि उसी परिसर में बीसीसीएल का अस्पताल पहले से संचालित है.

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन के पीछे उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए पहले ही जमीन चिन्हित की गई थी. वहां करीब 2 एकड़ 64 डिसमिल सरकारी भूमि उपलब्ध है, जबकि उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए केवल 15 डिसमिल जमीन की आवश्यकता है. इसके बावजूद निर्माण कार्य गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर शुरू कर दिया गया है.

गांव से दूर उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का विरोध (Etv Bharat)

ग्रामीणों का आरोप है कि स्थान परिवर्तन के लिए ग्राम सभा की मंजूरी का दावा किया जा रहा है, जबकि ऐसी कोई ग्राम सभा आयोजित ही नहीं हुई. उनका कहना है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र गांव के बीच बनेगा तो बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी.

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जिस जगह निर्माण हो रहा है, वहां बीसीसीएल का अस्पताल पहले से कार्यरत है और कंपनी स्थानीय लोगों का इलाज भी करती है. ऐसे में उसी परिसर में सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र बनाने का कोई औचित्य नहीं है.

ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोककर मूल रूप से चिन्हित सरकारी जमीन पर ही उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाए. पंचायत भवन के पास पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है. वहां स्वास्थ्य केंद्र बनने से पूरे गांव को सुविधा मिलेगी. बिना ग्राम सभा की अनुमति के स्थान बदलना गलत है.

विवाद बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है. उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्पष्ट किया है कि उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है. निर्माण उसी स्थान पर किया जाएगा, जहां गांव के लोगों को अधिक सुविधा मिले.

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि मामला हमारे संज्ञान में आया है. ग्रामीणों के हित और सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी. जहां गांव वालों को बेहतर सुविधा मिलेगी, उसी स्थान पर उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाएगा.

यह भी पढ़ें:

भवन बना, लेकिन इलाज नहीं: NH पर बंद पड़ा खड़गडीहा स्वास्थ्य केंद्र, हादसों में गोल्डन ऑवर हो रहा बर्बाद

देवघर के सारवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिला की मौत, लापरवाही का आरोप लगा लोगों ने किया हंगामा

बदला हुआ 'पीरटांड': लाल आतंक से निकल विकास के साथ खड़ी हो रही है जनता, स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने की मांग