ETV Bharat / state

मारपीट में घायल युवक की मौत पर ग्रामीणों में आक्रोश, रास्ते के विवाद में हुआ था झगड़ा

चित्तौड़गढ़ के कन्नौज कस्बे में मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की.

सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन
युवक की मौत के बाद लोगों का प्रदर्शन (ETV Bharat Chittorgarh)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 5:53 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

चित्तौड़गढ़: जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के कन्नौज कस्बे में गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब तीन दिन पहले हुई मारपीट की घटना में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद पूरे कस्बे में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने बाजार बंद करवाने के साथ-साथ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

मारपीट में घायल युवक की मौत: भदेसर पुलिस उप अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि गत 27 दिसंबर को कन्नौज कस्बे में दो पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे आपसी विवाद के कारण झगड़ा हो गया था. इस झगड़े में कन्नौज निवासी दुर्गेश पुत्र रतनलाल रेगर गंभीर रूप से घायल हो गया. उनके सिर पर गहरी चोटें आई थीं. शुरुआत में चोटों को हल्का बताया गया था, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उसे पहले कन्नौज के स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चित्तौड़गढ़ के जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए उदयपुर के एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया. डीएसपी कहा कि दुर्भाग्यवश. उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई.

सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन
सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन (ETV Bharat Chittorgarh)

इसे भी पढ़ें- नागौर में मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद, पथराव, एक घायल

कस्बे में फैला आक्रोश: मौत की खबर जैसे ही कस्बे में फैली. स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा भड़क उठा. ग्रामीणों का आरोप है कि मारपीट में शामिल अन्य पक्ष के लोग जिम्मेदार हैं. आक्रोशित लोगों ने कस्बे का मुख्य बाजार बंद करवा दिया. चौराहे पर पुराने टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और लोग धरने पर बैठ गए. वाहनों को बीच सड़क पर खड़ा कर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग थी कि मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए.

सूचना मिलते ही भदेसर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस उप अधीक्षक विनोद कुमार और थानाधिकारी विनोद मेनारिया ने ग्रामीणों से बातचीत कर समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोग गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त जाप्ता मौके पर तैनात किया. फिलहाल उदयपुर में शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, गोली लगने से युवक की मौत, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल