निजी कंपनी की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त
कंपनी की ओर से 35 लाख रुपए की सहायता राशि सहित अन्य बातों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त हुआ.

Published : January 1, 2026 at 4:30 PM IST
|Updated : January 1, 2026 at 4:51 PM IST
बाड़मेर : जिले के शिव थाना क्षेत्र में बुधवार रात को सोलर कंपनी की गाड़ी की टक्कर से पाबूनगर निवासी जबर सिंह की मौत हो गई. मामले में आक्रोशित मृतक के परिजन और समाज के लोग गुरुवार सुबह से जिला अस्पताल के आगे विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए. इस मामले को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा भी मृतक के परिजनों के साथ मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी और कंपनी के अधिकारियों ने धरने पर पहुंचकर वार्ता की, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ.
जिले के पाबूनगर निवासी जबर सिंह (40) पुत्र कलसिंह बुधवार रात को शिव से बाइक पर अपने गांव की तरफ जा रहा था. इस दौरान लखा गांव से शिव की ओर आ रहे कंपनी में लगे एक गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी. इससे उसके दोनों पैर टूट गए और वो गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर किया गया, जहां जिला हॉस्पिटल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए आर्थिक मदद की मांग कर रहे थे, जिसमें दोपहर को करीब 3:30 बजे के आसपास सहमति बनी.
शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने बताया कि जबर सिंह अपने परिवार के मुखिया थे. उनकी इस मौत के बाद शिव क्षेत्र के ग्रामीण ओर मौजिज लोग धरने पर बैठे थे ताकि इस पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके. जबर सिंह की कमी तो पूरी नहीं हो सकती है, लेकिन उनके परिवार को संबल मिले यह हम सब की नैतिक जिम्मेदारी बनती है. कंपनी के अधिकारियों से वार्ता हुई है, जिनसे विभिन्न मांगों पर वार्ता के बाद सहमति बन गई है.
भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा ने बताया कि कंपनी की गाड़ी से घोर लापरवाही के कारण दुर्घटना में जबर सिंह की मौत हो गई. घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त था. सुबह से बड़ी संख्या में लोग मोर्चरी के आगे धरने पर बैठे हुए थे. कंपनी के अधिकारियों से वार्ता हुई है. उन्होंने 35 लाख रुपए का चेक मृतक की पत्नी के नाम और 15 हजार रुपए प्रतिमाह (जब तक कंपनी का इस क्षेत्र में काम चलेगा) तक देगी. इसपर सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है.
पढे़ं. परिवार के इकलौते कमाऊ को डंपर ने कुचला, प्रशासन के मुआवजे के आश्वासन पर टाला धरना
घटना पर दुःख ओर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कंपनी के सर्किल हेड संजय पुरोहित ने बताया कि कंपनी ने मानवता के नाते जबर सिंह के परिवार को 35 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी. साथ ही जब तक कंपनी यहां काम करेगी तब तक 15 हजार रुपए प्रतिमाह परिवार को पेंशन दी जाएगी. सहमति बनने के बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ.

