आजादी के 79 साल बाद भी सड़क से वंचित टिहरी के गांव, पयांकोटी-कुनियाड़ के ग्रामीणों ने निकाला मशाल जुलूस
धार पंयाकोटी-कुनियाड़ -रतकली क्षेत्र के ग्रामीणों ने सर्वे के बावजूद काम नहीं होने पर आक्रोशित होकर मशाल जुलूस निकाला

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 26, 2026 at 11:18 AM IST
टिहरी गढ़वाल: जिले के देवप्रयाग के अंतर्गत धार पंयाकोटी-कुनियाड़ -रतकली क्षेत्र में आजादी के 79 वर्ष बाद भी सड़क सुविधा से वंचित होने से ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी न होने और लगातार सर्वे के बावजूद काम शुरू न होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार रात्रि में जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल के नेतृत्व में विशाल मशाल जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सड़क न बनने से क्षेत्र के अधिकांश ग्रामीण पलायन कर चुके हैं और जो लोग गांवों में रह गए हैं, वे आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
देवप्रयाग क्षेत्र में सड़क की मांग: मशाल जुलूस के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि धार पंयाकोटी -कुनियाड़-रतकली मोटर मार्ग की घोषणा वर्ष 2017-18 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा की गई थी, लेकिन सात वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी लगातार सड़क निर्माण के दावे कर रहे हैं, जबकि धरातल पर केवल सर्वे ही किए जा रहे हैं.
असवाल ने कहा कि हाल ही में विधायक ने सड़क के टेंडर जल्द जारी होने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद भी सर्वे टीम लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब सड़क का सर्वे ही पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है तो टेंडर जारी होने के दावे कैसे किए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू होते देखना चाहती है.
उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र में पलायन लगातार बढ़ रहा है. कई गांव लगभग खाली हो चुके हैं और ग्रामीणों को बीमारी या आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए भरी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा तीन किलोमीटर तथा पीएमजीएसवाई द्वारा सात किलोमीटर सड़क का सर्वे पूरा किया जा चुका है, इसके बावजूद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है.
ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी: इस दौरान महिपाल सिंह पंवार और पुरुषोत्तम उनियाल ने कहा कि वर्षों से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीण अब केवल सर्वे की प्रक्रिया देखकर निराश और आक्रोशित हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीण आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार जैसे कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और सरकार से क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क की मांग को तत्काल पूरा करने की मांग की.
ये भी पढ़ें: उत्तरकाशी: सड़क और पुल के इंतजार में सेवा और ढुंग के ग्रामीण, जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने पर मजबूर

