ETV Bharat / state

स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल पर छात्रा ने लगाया छेड़खानी का आरोप, आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय में जड़ा ताला

दुमका में एक सरकारी स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर उन्हीं की छात्रा ने छेड़खानी का आरोप लगाया है.

girl student accuses government school principal of molestation in Dumka
स्कूल में जड़ा ताला (दुमका) (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 29, 2026 at 6:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दुमकाः जिला के सरैयाहाट थाना क्षेत्र स्थित सरकारी उच्च विद्यालय में सातवीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया. जिसके बाद आज सोमवार को गांव का माहौल गर्म हो गया.

इस घटना के कारण देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्रा के अभिभावक विद्यालय पहुंच गए. आक्रोश इतना बढ़ा कि कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने विद्यालय में ताला जड़ दिया.

घटना पांच दिन पूर्व बुधवार की

पीड़ित छात्रा का आरोप है कि वह बीते बुधवार को किताब लेने विद्यालय गई थी. उसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ करने का प्रयास किया. घर पहुंचकर छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना अपने परिजनों को बताई.

इसके बाद गांव में घटना की चर्चा फैलते ही लोगों का गुस्सा भड़क उठा. इस बीच मुहर्रम और रविवार को छुट्टी हो गई. आज सोमवार को ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर विरोध जताया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए. इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर पठन-पाठन बाधित कर दिया.

मौके पर पहुंचे सीओ और थाना प्रभारी

इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और सीओ राहुल कुमार शानू और थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे. काफी समझाने बुझाने के बाद विद्यालय का ताला खुलवाया‌ गया. इसके बाद अधिकारियों ने बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया.

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पड़ताल के आधार पर दोषी पाए जाने पर आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. साथ ही स्कूल में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

इस पूरे मामले में सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव ने जानकारी दी कि इस मामले में छात्रा के परिजनों की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है. हालांकि जांच पड़ताल चल रही है, अगर जांच में आरोप सही पाया जाता है तो प्रधानाध्यापक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि अभी कुछ देर पहले प्रधानाध्यापक आये थे. उन्होंने बताया है कि किसी साजिश के तहत उनपर झुठा और मनगढ़ंत आरोप लगाया जा रहा है.

इसे भी पढे़ं- कोडरमा में स्कूली छात्रा के साथ छेड़खानी, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

इसे भी पढे़ं- तीन साल की मासूम के साथ गलत हरकत! शिकंजे में आरोपी वैन ड्राइवर

इसे भी पढे़ं- नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का प्रयास, सरकारी विभाग का लिपिक गिरफ्तार