ETV Bharat / state

देवघर में चांदडीह से गौरीपुर गांव को जोड़ने वाली सड़क बदहाल, जर्जर सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

देवघर के गौरीपुर गांव में सड़क नहीं होने की वजह से स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Bad road in deoghar
चांदडीह से गौरीपुर गांव को जोड़ने वाली सड़क बदहाल (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 16, 2026 at 5:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देवघर: ऐसा माना जाता है कि किसी भी शहर और जिले के विकास का सबसे बड़ा पैमाना उसकी सड़क व्यवस्था होती है. देवघर शहर में एक ओर शहरी क्षेत्रों की सड़क अपेक्षाकृत बेहतर दिखाई देती है, जबकि ग्रामीण इलाकों की तस्वीर विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है. देवघर शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित गौरीपुर गांव जाने वाली सड़क सालों से बदहाल स्थिति में है.

जनप्रतिनिधियों की ओर से नहीं हुई कोई पहल

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार सालों से सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. बावजूद इसके जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है. गांव के मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि जब इस समस्या को लेकर सांसद और विधायक से संपर्क किया जाता है तो दोनों एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपनी जवाबदेही से पीछे हट जाते हैं.

जानकारी देते संवाददाता हितेश कुमार (Etv Bharat)

सड़क की स्थिति में सुधार नहीं

समय बीतता जा रहा है लेकिन सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं पर किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई. हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग पक्की सड़क छोड़कर कच्ची सड़क से आने जाने के लिए मजबूर हैं क्योंकि जर्जर सड़क पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा है.

बारिश को लेकर ग्रामीणों की चिंता

ग्रामीणों की चिंता बारिश के मौसम को लेकर और बढ़ गई है. उनका कहना है कि बरसात शुरू होने के बाद कच्चे रास्ते भी कीचड़ में तब्दील हो जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाएगा. ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत कराने की बात कही गई थी लेकिन अब तक यह योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है. राज्य सरकार की ओर से भी कई बार आश्वासन मिले लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है.

पूर्व विधायक ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

इस मुद्दे पर वर्तमान विधायक सुरेश पासवान से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. वहीं पूर्व विधायक नारायण दास ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 सालों से राज्य में गठबंधन की सरकार है और उन्होंने अपने कार्यकाल में भी देवघर के आसपास की सड़कों के निर्माण के लिए कई बार सरकार से आग्रह किया था लेकिन सरकार देवघर के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर गंभीर नहीं रही है.

सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीण परेशान

गौरतलब है कि चांदडीह से गौरीपुर गांव को जोड़ने वाली यह सड़क करीब 10 गांवों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है. लगभग 25 से 30 हजार की आबादी हर दिन इसी रास्ते का इस्तेमाल करती है यदि जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में सड़क हादसों की संख्या बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें- बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर, कई सड़कें होंगी दुरुस्त

लातेहार में ग्रामीणों ने रोड निर्माण में गड़बड़ी का लगाया आरोप, बोले- रेत की तरह बिखर रही है सड़क

लातेहार में जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, पांच साल से अटका है विकास