रामगढ़ में जंगली हाथियों का खौफ: गोला और चितरपुर में 22 हाथियों का डेरा
रामगढ़ में जंगली हाथियों के डेरा डालने से ग्रामीण परेशान हैं.

Published : June 11, 2026 at 8:59 PM IST
रामगढ़: जिला में एक बार फिर जंगली हाथियों की दस्तक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है. जिला के गोला और चितरपुर प्रखंड में कुल 22 जंगली हाथियों के दो अलग-अलग झुंड ने डेरा डाल रखा है.
जंगली हाथियों की लगातार मौजूदगी से आसपास के गांवों में भय और दहशत का माहौल है. ग्रामीण रातभर जागकर अपने घरों और परिवार की सुरक्षा करने को मजबूर हैं. जानकारी के अनुसार, गोला प्रखंड के खोखा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 14 जंगली हाथियों का बड़ा झुंड विचरण कर रहा है. वहीं चितरपुर प्रखंड के हाथुदाग इलाके में 8 हाथियों का झुंड लगातार देखा जा रहा है. हाथियों के गांवों और खेतों के करीब पहुंचने से लोगों में डर बढ़ गया है.
ग्रामीण आकाश ओझा का कहना है कि शाम होते ही हाथियों की गतिविधियां तेज हो जाती हैं. जिसके कारण लोग पूरी रात जागकर निगरानी करने को मजबूर हैं. बीते महीनों में रामगढ़ जिला में जंगली हाथियों के हमले में करीब आधा दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है. ऐसे में हाथियों की वापसी ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है. हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर घने जंगलों की ओर खदेड़ने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को सक्रिय किया गया है.

रामगढ़ डीएफओ नीतीश कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण हाथियों के नजदीक जाने का प्रयास न करें, जंगलों की ओर अकेले न जाएं और रात के समय बेवजह घरों से बाहर निकलने से बचें. किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की सलाह दी गई है.
वन विभाग की निगरानी और ग्रामीणों की सतर्कता के बीच फिलहाल सभी की नजर हाथियों की गतिविधियों पर टिकी हुई है. प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेज दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- 24 घंटे में हाथी ने दो महिलाओं को मार डाला, दहशत में गुजर रही रात
इसे भी पढ़ें- गिरिडीह के सरिया में झुंड से भटके हाथी का कहर, चपेट में आने से छात्र की मौत
इसे भी पढ़ें- कोडरमा में हाथी का कहर, दो को कुचलकर उतारा मौत के घाट, तीन घायल

