ETV Bharat / state

भारत-नेपाल सीमा के विवादित सुस्ता क्षेत्र में फिर से बवाल, SSB से उलझे ग्रामीण

भारत-नेपाल सीमा के विवादित सुस्ता क्षेत्र में भूमि अतिक्रमण को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति सामने आई है. दिलीप कुमार की रिपोर्ट..

Tension near Nepal border
बगहा के पास सुस्ता क्षेत्र में तनाव की स्थिति (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 6, 2026 at 1:40 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बगहा: बिहार के बगहा में अचानक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. भारत-नेपाल सीमा के विवादित सुस्ता क्षेत्र में भूमि अतिक्रमण को लेकर एसएसबी से स्थानीय लोग उलझ गए. विवादित जमीन पर निर्माण कार्य रोकने पहुंची सशस्त्र सीमा बल की टीम का नेपाल के सुस्ता गांव के ग्रामीणों ने विरोध किया. घटना के बाद एसएसबी ने वाल्मीकिनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

क्या है मामला?: एसएसबी रामपुरवा जी कंपनी के सहायक कमांडेंट ने वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत की है. शिकायत पत्र के अनुसार 2 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर सूचना मिली कि विवादित क्षेत्र में निर्माण कार्य कराया जा रहा है. सूचना मिलने पर एसएसबी की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और दोनों देशों के बीच पूर्व से लागू यथास्थिति बनाए रखने का हवाला देते हुए निर्माण कार्य रोकने की कोशिश की.

नेपाल बॉर्डर के पास तनाव (ETV Bharat)

इसी दौरान नेपाल के सुस्ता गांव के करीब 150 से 200 ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य रोकने का विरोध करने लगे. इससे कुछ समय के लिए सीमा क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया. हालांकि एसएसबी के जवानों ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी.

तीन दिन पहले हुई थी बैठक: एसएसबी के आवेदन में कहा गया है कि 31 जुलाई 2026 को भारत और नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के बीच विवादित सुस्ता क्षेत्र को लेकर संयुक्त बैठक हुई थी. बैठक में दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी थी कि अंतिम फैसला होने तक पहले जैसी स्थिति बनाए रखी जाएगी और किसी भी तरह का नया निर्माण कार्य नहीं होगा. एसएसबी का आरोप है कि इसके बावजूद नेपाली ग्रामीणों ने बांध निर्माण शुरू कर दिया.

Tension near Nepal border
एसएसबी से उलझे ग्रामीण (ETV Bharat)

नियंत्रण में स्थिति: एसएसबी का कहना है कि सीमा विवाद से जुड़े इस क्षेत्र में पहले से यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य और विरोध प्रदर्शन से सीमा क्षेत्र की शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है. इसी आधार पर एसएसबी ने वाल्मीकिनगर थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं, वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.

"सुस्ता सीमा विवाद को लेकर एसएसबी से प्राप्त आवेदन के आधार पर कांड संख्या दर्ज कर ली गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है. फिलहाल सीमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो."- मनोज कुमार, थानाध्यक्ष, वाल्मीकिनगर

क्या है सुस्ता विवाद?: सुस्ता भारत-नेपाल सीमा का एक संवेदनशील और लंबे समय से विवादित इलाका है. गंडक (नारायणी) नदी की धारा समय-समय पर बदलने के कारण इस इलाके की सीमा को लेकर दोनों देशों के बीच वर्षों से मतभेद रहे हैं. इसी वजह से सीमा पर किसी भी तरह के निर्माण या गतिविधि को लेकर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्क रहती हैं. हालिया घटना के बाद एक बार फिर यह इलाका चर्चा में आ गया है.

ये भी पढ़ें: नेपाल में क्यों भड़की हिंसा? कांवड़ियों की मौत के बाद बिहार के सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट, ट्रेन परिचालन बाधित