ETV Bharat / state

बिहार में पुलिस पर लोगों ने थाने में घुसकर किया हमला, महिला को गिरफ्तार करने पर हुआ बवाल

नवलपुर थाने पर ग्रामीणों ने धावा बोल दिया. आरोप है कि गिरफ्तार महिला को छुड़ाने पहुंचे लोगों ने पुलिस से मारपीट की. रिपोर्ट- जितेन्द्र कुमार.

ATTACK ON POLICE STATION IN BETTIAH
नवलपुर थाना (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 20, 2026 at 3:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पश्चिम चंपारण (बेतिया) : बिहार के बेतिया से अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. युवती के अपहरण के मामले में गिरफ्तार महिला को छुड़ाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ ने नवलपुर थाने पर धावा बोल दिया. बुधवार रात को जमकर बवाल हुआ.

लोगों ने थाने में किया हंगामा : आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और मारपीट की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 9 लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, मामले में करीब दर्जन भर लोगों को अज्ञात अभियुक्त बनाया गया है.

क्या है पूरा मामला? : दरअसल, नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच जनवरी को शादी की नीयत से एक नाबालिग युवती के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था. इसी मामले में एक महिला को पुलिसकर्मियों की टीम ने चनपटिया थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव से गिरफ्तार किया था.

पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई : महिला की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद बुधवार की रात पहले दो लोग नवलपुर थाना पहुंचे और उग्र होकर गिरफ्तार महिला के बारे में पूछताछ करने लगे. पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ. इसके बाद करीब 15 से 20 लोगों का समूह थाने पहुंच गया और ओडी कक्ष में जबरन घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी.

आत्मरक्षा में पुलिस ने किया हल्का बल का प्रयोग : स्थिति बिगड़ते देख थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया. आरोप है कि भीड़ ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में हल्का बल का प्रयोग करते हुए मौके से 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपियों को भेजा गया जेल : गिरफ्तार आरोपियों में राजू कुमार, अनुपम कुमार, प्रकाश कुमार, नितेश कुमार, रामनारायण कुमार, मनीष कुमार, रवि कुमार, नवनीत कुमार और बलिराम कुमार शामिल हैं. पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. इधर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

''गिरफ्तार महिला को छुड़ाने के लिए उसके परिवार और अन्य लोग थाने पहुंचे थे और हंगामा किया. मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है.''- अजीत कुमार, प्रभारी सदर एसडीपीओ

इधर, इस पूरी घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में नवलपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार कुछ युवकों पर डंडे से कार्रवाई करते नजर आ रहे हैं. नवलपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि थाने पर हंगामा करने पहुंचे लोगों में से एक युवक पर आत्मरक्षार्थ साधारण बल का प्रयोग किया गया था.

ये भी पढ़ें :-

बिहार में फिर से पुलिस पर हमला, शराब माफियाओं ने 5 पुलिसकर्मियों को किया घायल

बिहार में पुलिस पर हमला, जमकर बरसाए ईंट-पत्थर, SI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल

बिहार में शराब माफिया का पुलिस टीम पर हमला, छापेमारी करने गई पुलिस पर छतों से पत्थरबाजी, 11 गिरफ्तार