बारनवापारा अभयारण्य में दंतैल हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, 10 गांवों में हाई अलर्ट
चार दिनों से गांवों के आसपास हाथी घूम रहा था. बलौदाबाजार वन विभाग ने हाथी के हमले के बाद चेतावनी जारी की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 25, 2026 at 12:57 PM IST
बलौदाबाजार: बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र में दंतैल हाथी की मौजूदगी अब ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है. रविवार रात हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है. वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार दिनों से लगातार हाथी के मूवमेंट की जानकारी देने के बावजूद सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं किए गए.
हाथी के कुचलने से ग्रामीण की मौत
जानकारी के अनुसार ग्राम दोंद निवासी जहरु राम नेताम (लगभग 55 वर्ष) रविवार रात गांव के आसपास मौजूद था. इसी दौरान अचानक दंतैल हाथी से सामना हो गया. बताया जा रहा है कि रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हाथी ने जहरु राम पर हमला कर दिया. हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को जानकारी दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची.

ग्रामीणों का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पिछले चार दिनों से हाथी लगातार मुरुमडीह और आसपास के क्षेत्रों में घूम रहा था, जिसके बारे में उन्होंने वन विभाग को भी बताया था.
वन विभाग और हाथी मित्र दल सक्रिय
घटना के बाद वन विभाग ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है. वन विभाग बलौदाबाजार की टीम और हाथी मित्र दल लगातार हाथी की लोकेशन ट्रैक कर रहे हैं. घटना के बाद हाथी फिलहाल खलिहानों के रास्ते पहाड़ी क्षेत्र की ओर बढ़ गया, जिसके बाद टीम उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है.
10 से ज्यादा गांवों में हाई अलर्ट
हाथी की संभावित आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है. इनमें प्रमुख रूप से:
- मुड़पार
- दोंद
- सुरबाय
- पांडादाह
- गुढ़ागढ़
- भिभौरी
- बफरा
- बार
- हरदी
- इसके अलावा बारनवापारा के आसपास के सीमावर्ती गांव शामिल हैं.
वन विभाग की अपील
गांवों में लगातार मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है. डीएफओ धम्मशील गणवीर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने बताया कि अलर्ट सिस्टम और मुनादी के जरिए लगातार जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है.
- हाथी दिखाई देने पर उसके पास न जाएं
- किसी भी हालत में उसे उकसाने की कोशिश न करें
- अकेले जंगल या हाथी प्रभावित क्षेत्रों में न जाएं
- किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचना दें
मृतक के परिवार को तत्काल सहायता
वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है.इसके अलावा शासन के नियमों के अनुसार आगे की क्षतिपूर्ति राशि भी दी जाएगी.

