ETV Bharat / state

BJP की नई टीम में हिमाचल की अनदेखी पर विक्रमादित्य की नसीहत, कुलदीप राठौर-केहर खाची विवाद पर कही ये बात

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मानसून सीजन में हिमाचल में सड़कों को हुए नुकसान की जानकारी दी.

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 18, 2026 at 7:50 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हिमाचल प्रदेश के किसी नेता को जगह नहीं मिलने पर भी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है और इससे अच्छा संदेश नहीं जाता. बेहतर होता यदि हिमाचल के किसी नेता को राष्ट्रीय टीम में शामिल किया जाता.

कुलदीप सिंह राठौर का किया समर्थन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह राठौर और केहर सिंह खाची के बीच कथित विवाद पर भी विक्रमादित्य सिंह ने खुलकर राठौर का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि राठौर एक मजबूत नेता हैं और कुछ जननेताओं को किसी औपचारिक परिचय की जरूरत नहीं होती. उनका दशकों का संघर्ष, अटूट निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण ही उनकी पहचान है.

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह (ETV Bharat)

विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "हिमाचल की राजनीति में कुलदीप सिंह राठौर ऐसा ही सशक्त और प्रतिष्ठित नाम हैं. उनकी राजनीतिक यात्रा छात्र राजनीति में NSUI के प्रांतीय स्तर से शुरू हुई और वह आगे चलकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और AICC के राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे. उन्होंने इसे राठौर की सांगठनिक क्षमता का प्रमाण बताया".

उन्होंने कहा कि संगठन को सर्वोपरि रखना राठौर की सबसे बड़ी पूंजी रही है. NSUI के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तक के सफर में उन्होंने पूरे हिमाचल में पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम किया. कई युवाओं और नेताओं को आगे बढ़ाने के साथ कठिन दौर में कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा भरने में भी उनकी भूमिका रही है.

IAS कैडर घटाने पर कही ये बात

IAS कैडर कम करने के फैसले पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लंबे समय से इस दिशा में काम कर रहे हैं. हिमाचल में अधिकारियों की संख्या अधिक और कर्मचारियों की कमी है. इस संबंध में कैबिनेट सब कमेटी भी अपनी रिपोर्ट दे चुकी है. प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है और सरकार का उद्देश्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है. प्रदेश में अधिक कर्मचारियों की आवश्यकता है और प्रशासनिक ढांचे में बदलाव से राज्य के खजाने को भी लाभ मिलेगा. उन्होंने इस फैसले पर राजनीति करने के बजाय इसे अच्छी नीयत से लिया गया निर्णय बताया.

हिमाचल में बिगड़ी सड़कों की तस्वीर

मानसून की मार से हिमाचल में सड़कों की बिगड़ी तस्वीर को पटरी पर लाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है. प्रदेश में अभी 138 सड़कें बंद हैं और इन्हें खोलने के लिए 535 मशीनरी ग्राउंड पर तैनात की गई है. लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दावा किया कि अगले 48 घंटे में सभी बंद सड़कों को बहाल कर लिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसान-बागवानों के साथ आम लोगों की आवाजाही सुचारू करना है. हालांकि, सड़क बहाली के बीच टारिंग का काम बढ़े हुए बिटूमेन रेट की वजह से प्रभावित हुआ है. ठेकेदारों के काम से पीछे हटने के कारण अब टारिंग का बड़ा हिस्सा मानसून के बाद पूरा किया जाएगा.

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसी परिस्थितियों के चलते बिटूमेन के दाम बढ़े हैं, जिसका सीधा असर सड़क निर्माण और टारिंग कार्य पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर और सुरक्षित सड़क नेटवर्क के लिए टनल निर्माण पर भी जोर देना होगा.

वहीं, PMGSY के कार्यों की समीक्षा को लेकर हुई बैठक का हवाला देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि प्रदेश में 294 सड़कों पर काम चल रहा है. कुछ मामले अदालतों में विचाराधीन होने के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं. विभाग ने एक ठेकेदार को सात से अधिक काम नहीं देने का फैसला लिया है. यह मामला अदालत में है और विभाग अपना पक्ष पूरी मजबूती से रखेगा.

ये भी पढ़ें: हिमाचल कांग्रेस में ये कैसा घमासान, पूर्व पीसीसी चीफ को 11 लोग भी नहीं जानते थे, क्या कह गए प्रियंका के करीबी केहर खाची