'बिहार में भूमि सर्वे होगा ज्यादा सरल और पारदर्शी', बोले विजय सिन्हा- माफियाओं को संरक्षण देने वाले बख्शे नहीं जायेंगे
बिहार में सरकार बनने के बाद मंत्री पदभार संभाल रहे हैं. इसी बीच विजय सिन्हा ने बड़ी बात कही है. पढ़ें पूरी खबर

Published : November 24, 2025 at 1:48 PM IST
पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्रालय का पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने अपने चेंबर में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों से मुलाकात की और विभाग के बारे में जानकारी जुटाई.
माफियाओं पर सख्त तेवर : पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बालू और शराब से अवैध कमाई करने वाले तत्व आगे चलकर भू-माफिया का रूप ले लेते हैं. उन्होंने साफ किया कि ऐसे माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने का काम विभाग की प्राथमिकता होगा. उन्होंने कहा कि भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई में कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
''बिहार में भूमि से जुड़े मामलों का क्रमबद्ध और समयबद्ध निपटारा किया जाएगा. लोगों को जमीन से जुड़ी सेवाओं में पारदर्शिता और सुगमता मिलना इस सरकार का लक्ष्य है. छोटे किसानों से लेकर आम नागरिकों तक सभी को समय पर न्याय और सुविधा प्रदान की जाएगी.''- विजय कुमार सिन्हा, मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग
'एनडीए सरकार को मिले जनादेश का सम्मान' : उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने एनडीए सरकार को भारी जनादेश देकर राज्य की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ जनादेश दिया है, उसे सरकार पूरी जिम्मेदारी से निभाएगी.
सोमवार का दिन जगत पिता देवों के देव महादेव का दिन है। अपने पूजन से प्रसन्न होकर वह अपने भक्तों पर असीम कृपा करते हुए संपूर्ण विश्व का कल्याण करते हैं। जगत पिता महादेव सबका कल्याण करें, उनकी कृपा हम सब पर बनी रहे। #सांस्कृतिक_विरासत_दर्शन #भक्ति_ही_शक्ति #सेवा_ही_धर्म pic.twitter.com/srqk424LRO
— Vijay Kumar Sinha (@VijayKrSinhaBih) November 24, 2025
विपक्ष पर साधा निशाना : विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पहले अपनी हार की समीक्षा करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कथनी और करनी में समानता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अब 'बिहारी' शब्द किसी गाली की तरह नहीं बल्कि स्वाभिमान का प्रतीक बनेगा. सरकार का लक्ष्य बिहारी स्वाभिमान को मजबूत करना और उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है.
भू-माफिया पर निगरानी की घोषणा : उपमुख्यमंत्री ने भू-माफिया को लेकर विभाग की रणनीति स्पष्ट करते हुए कहा कि वे किसी को डराने धमकाने की बात नहीं करते, लेकिन अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि खनन विभाग की तरह ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में भी सफेदपोशों की छत्रछाया में पलने वाले भू-माफियाओं के चेहरों पर सरकार की नजर बनी रहेगी.

''बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे और सीमांत किसानों को अक्सर मोटेशन, नापी या अन्य भूमि संबंधित प्रक्रियाओं में परेशानी उठानी पड़ती है. सरकार इन प्रक्रियाओं को आसान और पारदर्शी बनाने पर जोर देगी. किसानों के हितों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.''- विजय कुमार सिन्हा, मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग
भूमि सर्वे को अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी : भूमि सर्वे को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर सर्वे प्रक्रिया को अधिक सरल, त्वरित और पारदर्शी बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि तकनीक और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था से भूमि विवादों को काफी हद तक कम किया जा सकता है और यही सरकार की दिशा होगी.
ये भी पढ़ें :-
बिहार की 'गोल्डन गर्ल' Shreyasi Singh नीतीश कैबिनेट तक कैसे पहुंचीं?
'बहुत हो गया, यहां से जाइए', मंत्री बनते ही गुस्से में दिखे दीपक प्रकाश

