ETV Bharat / state

'अंगद का पैर कोई नहीं खींच सकता', गैर मजरूआ जमीन पर कब्जा को लेकर विजय सिन्हा का सख्त संदेश

सरकारी जमीन पर कब्जा का मामला विधानसभा में गूंजा. विजय सिन्हा ने इसको लेकर सख्त संदेश दिया. पढ़ें खबर

VIJAY KUMAR SINHA
विजय कुमार सिन्हा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 19, 2026 at 1:44 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ लगातार एक्शन देखने को मिल रहा है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा फ्रंट फुट पर बैटिंग कर रहे हैं. भले ही अधिकारियों को यह एक्शन पसंद नहीं आ रहा हो, पर सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक के लोग उनके काम के कायल दिखाई पड़ते हैं.

इस्लामपुर में गैर मजरूआ जमीन पर कब्जा का मामला : गुरुवार को बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आरजेडी विधायक राहुल कुमार ने इस्लामपुर में गैर मजरूआ जमीन पर कब्जा का मामला उठाया. इसी बीच जदयू से इस्लामपुर विधायक रुहैल रंजन ने अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर पूछे गए सवाल पर आपत्ति जताई. इसपर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा बयान दिया.

''अंगद का पैर कोई खींच नहीं सकता. मेरा जो मिशन है मैं उसे पूरा करके रहूंगा. मैं जितना ही दिन राजस्व विभाग में मंत्री रहूंगा उसका परिणाम निकलेगा. मार्च महीने के बाद अतिक्रमण पर कार्रवाई की जाएगी.''- विजय कुमार सिन्हा, मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग

'दवा कड़वी होती है.. लेकिन उसका असर होता है' : उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आगे कहा कि कभी अंचलाधिकारी तो कभी कर्मचारी हड़ताल पर चले जाते हैं. जिसके कारण देरी हो रही है. दवा कड़वी होती है, लेकिन दवा खाते हैं तो उसका असर होता है और यह दिखता भी है.

''बीमारी के इलाज के लिए धैर्य रखना होगा. हड़बड़ाने से काम नहीं चलेगा. हम एलोपैथिक और होम्योपैथिक के चक्कर में नहीं पड़ते हैं. आयुर्वेदिक इलाज करते हैं जो स्थाई समाधान करेगा.''- विजय कुमार सिन्हा, मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग

VIJAY KUMAR SINHA
विजय कुमार सिन्हा (ETV Bharat)

तुरंत एक्शन लेते हैं विजय सिन्हा : दरअसल, विजय कुमार सिन्हा अपने विभाग को लेकर काफी सजग दिखाई पड़ते हैं. अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक करते हैं. जन सुनवाई के दौरान अगर कहीं गड़बड़ी दिखती है तो सीओ तक को सस्पेंड कर देते हैं. पिछले महीने भी उन्होंने कहा था कि जमीन की दाखिल-खारिज, नापी, परिमार्जन और भूमि विवाद के बहाने जो 420 का खेल चल रहा है, उसमें कार्रवाई का समय आ गया है. कहा था कि होम्योपैथी इलाज पर विश्वास, लेकिन ऑपरेशन की जरूरत पड़ेगी तो एलोपैथी की भी व्यवस्था है.

ये भी पढ़ें :-

'होम्योपैथी इलाज पर विश्वास लेकिन ऑपरेशन की जरूरत पड़ेगी तो एलोपैथी की भी व्यवस्था है', डिप्टी CM की चेतावनी

बिहार में भ्रष्टाचार के आरोप में राजस्व कर्मचारी बर्खास्त, उपमुख्यमंत्री का सख्त संदेश

विजय सिन्हा का ऑन स्पॉट एक्शन, शिकायत सुनते ही CO को किया सस्पेंड