दिनेशपुर थाने के एएसआई अनवर अहमद 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, इस एवज में मांगी थी घूस
विजिलेंस ने दिनेशपुर थाने के एएसआई अनवर अहमद को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, केस रफा दफा करने के एवज में मांगी थी घूस

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 24, 2026 at 10:42 PM IST
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. जिसके तहत दिनेशपुर थाने में तैनात एएसआई अनवर अहमद को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. एक ही दिन में विजिलेंस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
दरअसल, उधम सिंह नगर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने दिनेशपुर थाने में तैनात एएसआई अनवर अहमद को रिश्वत लेते दबोचा है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है.
इस एवज में मांगी घूस: जानकारी के मुताबित, गदरपुर थाने में ऊर्जा निगम की ओर से बिजली चोरी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज किया गया था. आरोप है कि इस मुकदमे में राहत दिलाने और मामले को रफा-दफा करने के नाम पर एएसआई अनवर अहमद ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपए की मांग की थी.
लगातार दबाव बनाए जाने पर परेशान शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी से की. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की प्राथमिक जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया. तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को चिह्नित नोट दिए गए.

जैसे ही आरोपी एएसआई ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
एएसआई अनवर अहमद को निलंबित: वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए उधम सिंह नगर एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल प्रभाव से एएसआई अनवर अहमद को निलंबित कर दिया है. एसएसपी ने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार और कदाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
साथ ही आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और दोष सिद्ध होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि 24 फरवरी को ही हरिद्वार में जीएसटी कार्यालय में विजिलेंस ने छापेमारी कर 20 हजार की रिश्वत लेते हुए डाटा एंट्री ऑपरेटर को गिरफ्तार किया था.
ये भी पढ़ें-

