ETV Bharat / state

बिहार में दनादन एक्शन, सर्वे अमीन से लेकर घूसखोर आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार

मंगलवार को बिहार के दो जिलों में निगरानी विभाग ने धावा बोला. दो सरकारी सेवकों को घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया. पढ़ें खबर

सुपौल में सर्वे अमीन गिरफ्तार
सुपौल में सर्वे अमीन गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 24, 2026 at 7:46 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सुपौल/समस्तीपुर : बिहार में निगरानी विभाग का एक्शन लगातार जारी है. राज्य के विभिन्न जिलों में घूसखोर सरकारी कर्मचारी और अधिकारी की गिरफ्तारी हो रही है. इसी कड़ी में सुपौल और समस्तीपुर में दबिश दी गई. इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है.

सुपौल में सर्वे अमीन गिरफ्तार : निर्मली नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 स्थित नाग मंदिर के पास मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सर्वे अमीन विक्रम कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.

50 हजार मांगी गई थी रिश्वत : प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरौना अंचल क्षेत्र के खोरमा गांव निवासी रिटायर्ड दफादार जय नारायण यादव से जमीन सर्वे के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी. आरोप है कि सर्वे अमीन विक्रम कुमार ने कुल 50 हजार रुपये की मांग की थी. शिकायतकर्ता द्वारा रकम दो किश्तों में देने की सहमति के बाद पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपये देने के लिए मंगलवार को नाग मंदिर के पास बुलाया गया था. इससे पहले जय नारायण यादव ने पूरे मामले की शिकायत निगरानी विभाग में दर्ज कराई थी.

जाल बिछाया और दबोचा : शिकायत की सत्यता की जांच के बाद पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही सर्वे अमीन ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा. स्थानीय लोगों ने निगरानी विभाग की इस सख्त कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी.

''आरोपी सर्वे अमीन को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पटना ले जाया जा रहा है, जहां आगे की पूछताछ और कार्रवाई की जाएगी. आरोपी सर्वे अमीन निर्मली नगर के वार्ड नंबर1 में बद्री नारायण साह के मकान में किराए पर रह रहा था. वहीं रुपये लेकर रिटायर्ड दफादार को बुलाया गया था.''- नरेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, निगरानी विभाग, पटना

समस्तीपुर में आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार : दलसिंहसराय में निगरानी विभाग ने कार्रवाई करते हुए विद्यापतिनगर एवं उजियारपुर के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश भगत को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार को निगरानी ने दलसिंहसराय स्थित काली चौक के निकट किराया के आवास से गिरफ्तार किया है.

क्या है आरोप? : दरअसल, मनियारपुर पंचायत के पीडीएस डीलर राम एकबाल सिंह ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राजेश भगत पर जन वितरण प्रणाली अंतर्गत अतिरिक्त खाद्य आवंटन बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांगने का आरोप लगाया गया था. 30 हजार रिश्वत की मांग की गई थी. डीलर से पहले 10 हजार रुपये देने को कहा गया.

आपूर्ति पदाधिकारी राजेश भगत
गिरफ्त में आपूर्ति पदाधिकारी राजेश भगत (ETV Bharat)

पीड़ित की शिकायत के बाद एक्शन में आई निगरानी की टीम ने जाल बिछाया. पैसे के साथ डीलर दलसिंहसराय स्थित आपूर्ति पदाधिकारी के पास पंहुचता है. वहीं पहुंची टीम रंगेहाथ उसे धर दबोचती है. गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को अपने साथ पटना लेकर चली गयी. निगरानी के डीएसपी अखिलेश कुमार ने कहा कि डीलर राम इकबाल की शिकायत पर निगरानी थाने में मामला दर्ज किया गया था. जिसके बाद कार्रवाई की गई.

ये भी पढ़ें :-

बिहार में बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की घूस लेते जिला कृषि पदाधिकारी गिरफ्तार

बिहार में पंचायती राज विभाग का घूसखोर JE गिरफ्तार, निगरानी ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

बिहार में बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रिश्वत लेते घूसखोर बीडीओ गिरफ्तार