ETV Bharat / state

बिहार में फिर एक्शन, घूस लेते दारोगा गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में लगातार दूसरे दिन विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई हुआ. सदर थाना के दारोगा 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए हैं. पढ़ें खबर

Sub Inspector arrested taking bribe
मुजफ्फरपुर में दारोगा गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 18, 2026 at 12:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही. बुधवार सुबह जिले के सदर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर भास्कर कुमार मिश्रा को निगरानी विभाग की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई थाना परिसर में ही की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

50 हजार की हुई डिमांड : जानकारी के अनुसार, एक अपहरण कांड में सहूलियत देने और केस डायरी को कमजोर करने के एवज में अनुसंधानकर्ता भास्कर कुमार मिश्रा द्वारा पीड़ित पक्ष से 50 हजार रुपये की मांग की गई थी. बाद में सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ, जिसे दो किस्तों में देने की बात हुई. पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपये लेते ही निगरानी टीम ने जाल बिछाकर दारोगा को पकड़ लिया.

क्या लगाया गया है आरोप? : परिवादी अमन कुमार ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के कांड संख्या 839/25 में उनके भाई को आरोपी बनाया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि नाम हटाने और केस में राहत देने के लिए दारोगा द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी. अमन कुमार ने पहले ही इसकी शिकायत निगरानी विभाग से कर दी थी, जिसके बाद सत्यापन कराया गया. सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई.

''परिवादी ने 28 जनवरी को निगरानी थाना में आवेदन दिया था. जांच के बाद आरोप प्रमाणित पाए गए और निगरानी थाना में कांड संख्या 21/26 दर्ज की गई. इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए पुरानी सदर थाना के गेट पर आरोपी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया.''- संजय कुमार, डीएसपी, निगरानी विभाग

Vigilance Raid in Muzaffarpur
निगरानी की गिरफ्त में दारोगा भास्कर कुमार मिश्रा (ETV Bharat)

कल जिला कृषि पदाधिकारी हुए थे गिरफ्तार : एक दिन पहले यानी मंगलवार को भी जिले में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है. फिलहाल निगरानी टीम आरोपी दारोगा को अपने साथ ले गई है, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

ये भी पढ़ें :-

बिहार में बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की घूस लेते जिला कृषि पदाधिकारी गिरफ्तार

बिहार में पंचायती राज विभाग का घूसखोर JE गिरफ्तार, निगरानी ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

बिहार में बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रिश्वत लेते घूसखोर बीडीओ गिरफ्तार

पटना में नजराना लेते असिस्टेंट डायरेक्टर अरेस्ट, विभाग के ही डिप्टी डायरेक्टर ने विजिलेंस से की थी शिकायत