ETV Bharat / state

विदिशा में संदिग्ध परिस्थितियों में मां और 2 बेटियों की मौत, साबूदाने की खाई थी खिचड़ी

विदिशा में एक ही परिवार की महिला और दो मासूम बेटियों की मौत, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं. रवि प्रजापति की रिपोर्ट.

VIDISHA MOTHER AND 2 DAUGHTERS DIED
विदिशा में एक ही परिवार की महिला और दो मसूम बेटियों की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 25, 2026 at 7:27 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

विदिशा: विदिशा शहर के काछी मोहल्ले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है. यहां एक ही परिवार की महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतकों में 30 वर्षीय महिला, उनकी 9 वर्षीय और 7 वर्षीय बेटियां शामिल हैं. परिजनों के अनुसार संदिग्ध जहरीले पदार्थ या दूषित खानपान के बाद हालत बिगड़ने से तीनों की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज, विदिशा में मृत्यु हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

काछी मोहल्ला, निवासी, मृतका के पति रितेश दांगी ने बताया, "मेरी शाम को 6 बजे पत्नी से बात हुई थी, उसके बाद कोई बात नहीं हुई. जब मैं घर पहुंचा तो वे बिस्तर पर पड़ी थीं. मैं उन्हें उठाकर तुरंत अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौच हो गई. घटना के कारणों का फिलहाल कोई पता नहीं चल सका है."

विदिशा में संदिग्ध परिस्थितियों में मां और 2 बेटियों की मौत (ETV Bharat)

साबूदाने की खिचड़ी खाई थी, फिर उल्टी होने लगी

घटना के समय के हालात बयां करते हुए मृतका के ससुर अजय सिंह दांगी ने रोते हुए बताया कि "मैं गुलाबगंज में एक कार्यक्रम में गया था. जब घर लौटा तो बहू उल्टी कर रही थी. पूछने पर उसने बताया कि साबूदाने की खिचड़ी खाई थी, जिसके चक्कर में उल्टी हो रही है. उस वक्त दोनों बच्चियां सो रही थीं. मैंने तुरंत छोटे बेटे शुभम को फोन किया. बाद में एक-एक करके सभी को मेडिकल कॉलेज लाया गया, लेकिन सब खत्म हो गया. घटना के समय घर में अन्य महिला सदस्य सास व देवरानी बाजार गई हुई थीं."

सो रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची का शरीर ठंडा पड़ा था

मृतका के देवर शुभम दांगी ने बताया, "पिताजी का फोन आने पर जब मैं घर पहुंचा तो भाभी को उल्टी हो रही थी. उन्होंने डॉक्टर से दवा लाने को कहा. जब मैं दवा लेकर लौटा, तब तक मम्मी बाज़ार से आ चुकी थीं. उन्होंने देखा कि पास में सो रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची का शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ा था. हम तुरंत उसे अस्पताल लेकर भागे. पीछे से भाई साहब भाभी और 9 वर्षीय बच्ची को भी ले आए." खिचड़ी के संबंध में शुभम ने स्पष्ट किया, भाभी का संडे और मंडे का व्रत था, इसलिए उन्होंने साबूदाने की खिचड़ी बनाई होगी. भाई साहब ने भी सुबह वही खिचड़ी खाई थी, लेकिन उन्हें कुछ नहीं हुआ.

तीनों की अस्पताल में मौत हो गई

मृतका के भाई गोविंद सिंह दांगी ने बताया कि "परिवार मूल रूप से रायसेन जिले के बाबई का निवासी है और वर्तमान में रीटा फाटक के पास रहता है. घटना दोपहर 2 से 3 बजे के बीच की है. हमें जैसे ही खबर मिली, हमारा लड़का पहुंचा और उन्हें अस्पताल लाया गया. तीनों की अस्पताल में मौत हो गई है. मौत की असल वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं है क्योंकि मृतका की मां की तबीयत भी बिगड़ गई है और वो बेहोश हैं."

ये भी पढ़ें:

मामले में कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली पुलिस जांच में जुटी है. सहायक उपनिरीक्षक, थाना कोतवाली, मोहम्मद शहजाद ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, "आज ड्यूटी के दौरान थाने को सूचना मिली थी कि 30 वर्षीय महिला एवं उनकी दो मासूम बेटियों उम्र 9 वर्ष एवं 7 वर्ष की संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाने से इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में मृत्यु हो गई है. पुलिस द्वारा शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. मृत्यु का वास्तविक कारण क्या है और जहरीला पदार्थ किन परिस्थितियों में खाया या दिया गया, यह विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा."