गुना के जंगल में मिली विदिशा से चोरी गई 5.25 किलो चांदी, ज्वेलरी शॉप डकैती का खुलासा
विदिशा में ज्वेलरी शॉप लूटने वाले 2 नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार, 28 लाख की मशरूका जब्त.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 12, 2026 at 10:30 PM IST
विदिशा: खरीफाटक रोड स्थित अरिहंत ज्वेलर्स में बीते महीने हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं मामले में 5 आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5.25 किलो चांदी और वारदात में उपयोग किए गए उपकरण जब्त किए गए हैं.
ज्वेलरी दुकान में डकैती का खुलासा
बीते 3 और 4 जनवरी की दरमियानी रात अरिहंत ज्वैलर्स में नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. इस दौरान आरोपियों ने जैक से शटर उठाया, चैनल गेट तोड़ा और सुरक्षा गार्ड को गुलेल मारकर घायल कर दिया था. इसके बाद आरोपी 10 किलो चांदी, 10 तोला सोना और करीब 25 हजार रुपए लेकर रेल पटरियों की दिशा में फरार हो गए थे.
2 नाबालिग सहित 5 आरोपी गिरफ्तार
डकैती की पूरी वारदात दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. इस घटना से कुछ दिन पहले दुकान मालिक ने संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दी थी, परंतु इसके बावजूद गश्त टीम के निकलने के कुछ ही मिनट बाद डकैती को अंजाम दे दी गई.
आरोपियों के कब्जे से 28 लाख की मशरूका जब्त
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने 8 विशेष टीमों का गठन किया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के निर्देशन में टीमों ने विदिशा शहर से लेकर गुना तक 260 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 180 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की. जिसके बाद 2 नाबालिग सहित 5 आरोपियों पकड़े गए. आरोपियों के कब्जे सोना-चांदी के जेवरात और एक बोलेरो वाहन बरामद किया गया. जिसकी कीमत करीब 28 लाख रुपए है.
एक आरोपी पर हत्या और दुष्कर्म सहित 7 मामले दर्ज
पुलिस ने 12 फरवरी को मामले में संलिप्त एक और फरार आरोपी जीतू पारदी को गुना के जंगल से गिरफ्तार किया. उसके पास से 5.25 किलो चांदी और वारदात में उपयोग किए औजार जब्त किए गए. जीतू पारदी पर हत्या, दुष्कर्म और चोरी सहित 7 गंभीर मामले पहले भी दर्ज हैं.
- एक साथ ढ़ाई लाख कैश लेकर चलना गैरकानूनी, धमकाकर पुलिसवालों ने कारोबारी को लूटा
- इंदौर में रियल स्टेट कारोबारी के घर 60 लाख की डकैती, 35 लाख नकदी और जेवरात लूटे
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए दुकान मालिक शैलेंद्र जैन ने पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी को 2 लाख रुपए का सहयोग चेक सौंपा, जिससे शहर में AI कैमरे और निगरानी व्यवस्था और प्रभावी की जा सके. इस अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम में कई व्यापारी भी मौजूद रहे. पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया, "अभी तक कुल 28 लाख रुपए की मशरूका जब्त की जा चुकी है, इसमें पांच अन्य आरोपी आईडेंटिफाई हुए हैं, उन्हें भी हम शीघ्र गिरफ्तार करेंगे."

