ETV Bharat / state

विदिशा में कॉकरोच का प्रकोप, कीटनाशक की डिमांड बढ़ी, डॉक्टर्स ने बताए निपटने के तरीके

कॉकरोच इंसान को काटता नहीं और न ही इससे कोई खतरा है लेकिन इनसे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा.

vidisha Cockroach Infestation
विदिशा में कॉकरोच का प्रकोप, कीटनाशक की डिमांड बढ़ी (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : May 23, 2026 at 2:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

विदिशा : शहर में इन दिनों कॉकरोच का प्रकोप बढ़ गया है. घरों और होटलों के किचन में ज्यादा कॉकरोच मिल रहे हैं. कॉकरोच मारने की दवाओं की बिक्री भी बढ़ गई है. विशेषज्ञों ने दवाइयों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की भी सलाह दी है. कीटनाशक खाद-बीज संघ अध्यक्ष राजीव पितलिया ने बताया "कॉकरोच मारने वाली दवाएं मुख्य रूप से घरेलू उपयोग के लिए खरीदी जाती हैं. अल्फा साइपरमेथ्रिन आधारित पेस्ट सबसे ज्यादा उपयोग में आता है. इसे टंकियों, पाइप लाइनों या छिपी जगहों पर लगाया जाता है, जहां कॉकरोच आते-जाते हैं."

किराना दुकानों और दवा दुकानों पर कीटनाशक

राजीव पितलिया ने बताया "कॉकरोच मारने वाली दवाएं किराना दुकानों और दवा दुकानों पर आसानी से मिल जाती हैं. दवाएं अलग-अलग कंपनियों की होती हैं. लेकिन उनमें उपयोग होने वाला तकनीकी तत्व लगभग समान रहता है. कोई कंपनी इसे लिक्विड के रूप में बेचती है तो कोई पेस्ट के रूप में. सामान्य तौर पर 100 ग्राम की दवा की कीमत करीब 100 रुपये तक होती है."

कॉकरोच बढ़ने से कीटनाशकों की बिक्री बढ़ी

दुकानदार सुमित सिलाकारी ने बताते हैं "घरेलू कीटनाशक उत्पादों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है. घरों में वही दवाएं उपयोग हो रही हैं, जो विशेष रूप से घरेलू इस्तेमाल के लिए बनाई गई हैं. शहरों में इनकी मांग अधिक है. जबकि गांवों में उपयोग कम रहता है. बाजार में 100 से 150 रुपये की रेंज में कई प्रोडक्ट उपलब्ध हैं और उन पर उपयोग के निर्देश भी लिखे रहते हैं. जिन व्यापारियों के पास हाउसहोल्ड लाइसेंस है, वही इन उत्पादों की बिक्री कर सकते हैं."

इंसान को काटते नहीं कॉकरोच

सीएमएचओ डॉ. रामहित कुमार ने बताया "कॉकरोच सीधे काटते नहीं हैं और न ही सीधे बीमारी फैलाते हैं. लेकिन ये संक्रमण फैलाने वाले की तरह काम करते हैं. कॉकरोच अक्सर गंदी जगहों, नालियों और कचरे के आसपास घूमते हैं. ऐसे में उनके पैरों में बैक्टीरिया और अन्य रोगजनक चिपक जाते हैं, जो बाद में खाने-पीने की चीजों तक पहुंचकर संक्रमण फैला सकते हैं. कॉकरोच के कारण फूड पॉइजनिंग, डायरिया, टायफाइड, हैजा, पेचिश, पेट दर्द और आंतों के संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं."

कॉकरोच को दूर करने के क्या उपाय

सीएमएचओ डॉ. रामहित कुमार ने बताया "संक्रामक बीमारियां दूषित भोजन और पानी से भी फैलती हैं. घरों में साफ-सफाई बनाए रखें. खाने को ढंककर रखें और ऐसी जगहों पर विशेष ध्यान दें जहां नमी, पानी या गंदगी रहती हो. कॉकरोच पूरे साल सक्रिय रहते हैं. खासकर नालियों, कचरे और ठंडी जगहों पर अधिक पाए जाते हैं. लोग अक्सर कॉकरोच को देखकर डर जाते हैं. लेकिन इसके काटने से कोई बड़ी बीमारी सीधे नहीं फैलती."

कॉकरोच देखकर चीखना या घबराना सामान्य प्रतिक्रिया है. कॉकरोच भगाने के लिए डेटॉल और सामान्य कीटनाशक स्प्रे जैसे “हिट” का भी उपयोग किया जा सकता है. कॉकरोच के अंडों और बच्चों को पनपने से रोकना जरूरी है.