SP कार्यालय में हाथों के सहारे सीढ़ियां चढ़ती बुजुर्ग महिला, वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे सरकारी कार्यालयों में सुगम सुविधाओं की कमी का उदाहरण बताया.

Published : July 2, 2026 at 12:28 PM IST
|Updated : July 2, 2026 at 2:49 PM IST
उदयपुर : सरकारी कार्यालय आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के केंद्र होते हैं, लेकिन यदि वहां तक पहुंचना ही किसी बुजुर्ग या दिव्यांग व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाए तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. उदयपुर में सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने इसी गंभीर मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया है.
जल्द की जाएगी वैकल्पिक व्यवस्था : इस पूरे घटनाक्रम पर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि बुजुर्ग महिला कब और किस उद्देश्य से कार्यालय आईं थी, उनसे मेरी मुलाकात भी नहीं हुई. उन्होंने यह भी कहा कि कार्यालय आने वाले वृद्धजनों और जरूरतमंद परिवादियों का विशेष ध्यान रखा जाता है ताकि उन्हें असुविधा न हो. जो लोग सीढ़ियां चढ़ने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी.
पढ़ें. बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा: थप्पड़, लात और घूंसों से नहीं भरा मन तो जमीन पर गिराकर घसीटा
वीडियो में एक बुजुर्ग महिला हाथों के सहारे सीढ़ियां चढ़ते हुए एसपी कार्यालय तक पहुंचने का प्रयास करती दिखाई दे रही हैं. बताया जा रहा है कि वह अपनी शिकायत लेकर अधिकारियों से मिलने पहुंची थीं. उम्र और शारीरिक कमजोरी के कारण सीढ़ियां चढ़ना उनके लिए बेहद कठिन था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें किसी प्रकार की तत्काल सहायता नहीं मिल सकी. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे सरकारी कार्यालयों में सुगम सुविधाओं की कमी का उदाहरण बताया.
सरकारी सेवाओं तक पहुंच मुश्किल : जिले के कई प्रमुख सरकारी कार्यालय पहली मंजिल या उससे ऊपर संचालित होते हैं. रोजाना यहां बड़ी संख्या में बुजुर्ग, दिव्यांगजन, गंभीर मरीज और महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं. ऐसे में यदि भवनों में रैंप, लिफ्ट, व्हीलचेयर या सहायता के लिए समर्पित कर्मचारी उपलब्ध नहीं हों तो सरकारी सेवाओं तक पहुंच कई लोगों के लिए मुश्किल बन जाती है.

पढ़ें. अजमेर: 15 रुपए के छुट्टे नहीं दिए तो कंडक्टर ने बस से उतार दी बुजुर्ग महिला, यात्रियों ने किया विरोध
वीडिया पर उदयपुर पुलिस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कार्यालय में आने वाले वृद्धजनों और जरूरतमंद परिवादियों का विशेष ध्यान रखा जाता है. जो लोग सीढ़ियां चढ़ने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए जल्द ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी. हालांकि, इस पूरे मामले में महिला की शिकायत और उस पर हुई कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

