धनबाद में बेल्ट-डंडों से बेरहमी से पिटाई का वीडियो आया सामने, तीन युवक लापता
धनबाद में युवकों की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आया है. वीडियो ने जिन तीन युवकों को पीटा जा रह है वह गायब हैं.

Published : July 16, 2026 at 8:23 PM IST
धनबाद: झरिया के पाथरडीह थाना क्षेत्र में एक वीडियो के सामने आने पर सनसनी फैल गई है. वीडियो में तीन युवकों को बेल्ट और डंडों से बुरी तरह पीटते दिखाया गया है. घटना के बाद ये तीनों युवक लापता बताए जा रहे हैं, जिससे उनके परिजनों में चिंता का माहौल है.
वीडियो से इलाके में चर्चाओं का दौर
वीडियो में कुछ युवक तीन अन्य युवकों को बेल्ट और डंडों से बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. वीडियो में पीटाई का शिकार बताए जा रहे तीन युवक घटना के बाद से लापता हैं. परिजनों ने उनकी सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर पाथरडीह थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है.
परिजनों के अनुसार, लापता युवकों की पहचान मिहिर मल्लिक, जयदेव मल्लिक और विक्की मल्लिक के रूप में हुई है. तीनों कतरासगढ़ स्थित रामकनाली ओपी क्षेत्र के खेपचाटांड़ बस्ती के निवासी हैं. परिवार का कहना है कि वे चासनाला में एक रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया.
जब से मारपीट का वीडियो सामने आया है जिसमें तीनों युवक दिखाई दिए, तब परिवार की चिंता और बढ़ गई. परिजनों ने पुलिस से तीनों की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी तथा मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संदिग्धों से पूछताछ
जानकारी मिलते ही सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में पाथरडीह थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. लापता युवकों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वीडियो की सत्यता, मारपीट के कारण और युवकों के लापता होने के बीच किसी संभावित संबंध की हर पहलू से जांच कर रही है.
थाना प्रभारी का बयान
पाथरडीह थाना प्रभारी बिट्टू कुमार ने ईटीवी भारत को बताया कि लापता तीनों लड़कों की तलाश जारी है. परिजनों द्वारा शिकायत की गई है और प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें:
गढ़वा में युवक के साथ मारपीट, MLA के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित युवक
पति ने सरेआम अपनी पत्नी व उसके प्रेमी को पीटा, कपड़े फाड़े फिर पूरे गांव में घुमाया

