थाने में घुसा 5 फीट का विषधर सांप, कई दिनों तक नहीं सोए पुलिसवाले, देखें रेस्क्यू का VIDEO
गया के एक थाने से 5 फीट लंबा विषधर सांप निकाला गया है. 3 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया सांप. देखें वीडियो-

Published : December 18, 2025 at 3:36 PM IST
गया: बिहार के गया के फतेहपुर थाने में एक विषधर गेहुअन सांप के घुस आने से पुलिसकर्मियों में कई दिनों तक दहशत का माहौल रहा. करीब 5 फीट लंबा यह जहरीला सांप थाने के विभिन्न हिस्सों में दिखाई देता रहा, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया.
थाने में सांप की एंट्री से अफरा-तफरी: मामला फतेहपुर थाना परिसर का है. जानकारी के अनुसार, थाने में अचानक एक विषधर गेहुअन सांप घुस आया. सांप को थाने के कई स्थानों पर देखे जाने के बाद सभी पुलिसकर्मी परेशान हो गए. यह सांप बेहद खतरनाक होता है और इसका काटा व्यक्ति पानी भी नहीं मांग पाता है.
दारोगा के कमरे में घुसा सांप: सांप को सबसे पहले थाने के दारोगा संजय कुमार के कमरे में देखा गया. इसके बाद वह सिरिस्ता भवन में भी नजर आया. सांप के लगातार ठिकाना बदलने से पुलिसकर्मियों की नींद उड़ गई. कई पुलिसकर्मी रात भर जागते रहे और थाने में भय का माहौल बना रहा.
रविवार से शुरू हुआ दहशत का खेल: यह घटना रविवार से शुरू हुई थी. विषधर गेहुअन सांप के थाने में इधर-उधर घूमने से पूरे स्टाफ में हड़कंप मचा रहा. पुलिसकर्मी डरे-सहमें थे और कोई भी कमरे में अकेला जाने से कतराता था. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि सामान्य कामकाज भी प्रभावित हो गया.
विशेषज्ञ को बुलाकर शुरू हुई तलाश: सांप के लगातार दिखाई देने पर थाना प्रशासन ने सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को बुलाया. विशेषज्ञ ने थाने में पहुंचकर सांप की तलाश शुरू की. गोपनीय शाखा और सिरिस्ता के कमरों को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया ताकि सांप को सुरक्षित पकड़ा जा सके.
तीन घंटे की मशक्कत के बाद सफलता: सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को विषधर सांप को पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार सांप को पकड़ लिया गया. विशेषज्ञ सुभाष सिंह ने सांप को सुरक्षित पकड़ा और बाद में उसे गुरपा जंगल में छोड़ दिया.
सांप के जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने ली राहत की सांस: फतेहपुर थाना एएसआई संजय कुमार ने बताया कि विषधर गेहुअन सांप के पकड़े जाने और जंगल में छोड़े जाने के बाद थाने के सभी पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली है. कई दिनों से चले आ रहे भय के माहौल का अंत हो गया और थाना परिसर में सामान्य स्थिति बहाल हो गई.
"एक विषधर गेहुअन सांप थाने में लगातार देखा जा रहा था. इससे पुलिसकर्मियों में थोड़ा हड़कंप मचा हुआ था. सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद विषधर सांप को पकड़ा गया और फिर गुरपा जंगल की ओर छोड़ दिया गया है."-संजय कुमार, एएसआई, फतेहपुर थाना
ये भी पढ़ें-
बिहार में 1 साल के बच्चे के काटने से सांप की मौत, हैरत में डॉक्टर
बारिश में ज्यादा दिखते हैं ये जहरीले सांप, कोबरा सबसे खतरनाक, डसने से हो सकती है मौत
छप्पर में रखी कंघी से लिपटकर बैठा था विषधर सांप, महिला के हाथ डालते ही डसा, हुई दर्दनाक मौत

