ETV Bharat / state

पिथौरागढ़-थल सड़क धंसने से फंसा टैंकर, निकालने में छूटे पसीने

थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर दलदल में फंसा टैंकर, मार्ग बंद होने से लगा लंबा जाम, इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

Tanker STUCK
थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर फंसा टैंकर (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : May 31, 2026 at 10:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पिथौरागढ़: थल-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर इन दिनों निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही और मनमानी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. थल से सुनी तक जगह-जगह सड़क खोदे गए हैं, ऐसे में इन हिस्सों को समय पर दुरुस्त न किए जाने से मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है. स्थिति ये है कि भारी वाहन आए दिन कीचड़ और गड्ढों में फंस रहे हैं, जिससे घंटों तक यातायात बाधित हो रहा है. जिसके चलते छोटे व बड़े वाहान तो इस स्थानों में कीचड़ में से नहीं निकल पा रहे हैं.

इसी सड़क पर सुनी के पास स्क्रबर बनाने के लिए सड़क को दो महीने से आधा अधूरा खोदकर छोड़ दिया था. रविवार शाम को उसी स्थान पर एक तेल टैंकर फंस गया, जिसके बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया. वाहन को निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी, फिर भी टैंकर को नही निकाला जा सका. इस दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर महीनों पहले खुदाई की गई, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए कार्य अधूरा छोड़ दिया गया. बारिश शुरू होते ही सड़क की हालत और बदतर हो गई है. कई स्थानों पर सड़क दलदल में बदल चुकी है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है.

Tanker STUCK
तेल का टैंकर फंसा (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग: ग्रामीणों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाए. उनका कहना है कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है और जनता को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है.

Tanker STUCK
सड़क से बाहर निकले टायर (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

"यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में यह सड़क बड़े हादसे का कारण बन सकती है. पिछले एक दशक से यह मार्ग खस्ताहाल होने के साथ ही इस मार्ग में कई वाहन दुर्घटना भी हो गई है."- स्थानीय निवासी

पिथौरागढ़ पुलिस का कहना है कि पिथौरागढ़-थल मार्ग पर मुवानी और पिथौरागढ़ के बीच एक टैंकर सड़क धंसने के कारण फंस गया है, जिसे निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग पर यातायात प्रभावित है. ऐसे में वैकल्पिक मार्ग (Diversion Route) का इस्तेमाल करें.

वैकल्पिक मार्ग का करें इस्तेमाल-

  • पिथौरागढ़–बागेश्वर–बेरीनाग जाने वाले यात्री पिथौरागढ़–गंगोलीहाट मार्ग का इस्तेमाल करें.
  • पिथौरागढ़–थल–मुनस्यारी जाने वाले यात्री पिथौरागढ़–कनालीछीना मार्ग का इस्तेमाल करें.

"थल पिथौरागढ़ मोटर मार्ग में डंपर फंसने से मार्ग बंद हो गया है. लोनिवि को जल्द मार्ग खोलने के आदेश कर दिए हैं."- खुशबू पांडे, एसडीएम, डीडीहाट

ये भी पढ़ें-