ETV Bharat / state

फोरलेन पर कुल्हाड़ी हमला मामले में बड़ा खुलासा, वारदात में इस्तेमाल गाड़ी मालिक गिरफ्तार

किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया.

Vehicle Owner arrested in axe attack case in Bilaspur
बिलासपुर कुल्हाड़ी से हमला मामला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : July 9, 2026 at 11:09 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी के पास दिन दहाड़े हुए कुल्हाड़ी हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल वाहन के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में वाहन मालिक की आपराधिक षड्यंत्र में संलिप्तता सामने आने के बाद उसे हिरासत में लिया गया.

आपराधिक षड्यंत्र में गाड़ी मालिक की भूमिका

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल वाहन के मालिक धीरज धर्माणी (उम्र 42 साल) को गिरफ्तार किया गया है. धीरज धर्माणी जिला बिलासपुर की तहसील घुमारवीं के गांव करंगोड़ा का रहने वाला है. शुरुआती जांच में आपराधिक षड्यंत्र में उसकी भूमिका पाई गई है, जिसके बाद पुलिस द्वारा ये कार्रवाई की गई. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

"वारदात में इस्तेमाल गाड़ी मालिक को गिरफ्तार कर लिया है, जल्द मुख्य आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होगा, जांच जारी है जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी." - अभिषेक धीमान, एसपी बिलासपुर

क्या है कुल्हाड़ी हमले का पूरा मामला ?

गौरतलब है कि बुधवार को किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी के पास कुछ हमलावरों ने सन्नी गिल पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घायल को इलाज के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है. सन्नी गिल किरा मोहल्ला, लुधियाना, पंजाब का रहने वाला है. सन्नी गिल बिलासपुर कोर्ट में पेशी के लिए आ रहा था, जिस समय ये घटना हुई. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी सौरभ पटियाल अपने साथियों के साथ पहले से ही मंडी भराड़ी क्षेत्र में मौजूद था, जैसे ही सन्नी गिल बस से उतरा, उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया. घटना के बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए.

मदद मांगता रहा युवक, लोग बनाते रहे वीडियो

घटना के समय मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने इस पूरी खौफनाक वारदात को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया. युवक सड़क पर मदद के लिए चिल्लाता नजर आ रहा है. आस-पास से कई गाड़ियां और लोग गुजरते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन किसी ने युवक को मदद नहीं की. वहीं, इस घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है. प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.

घटना के समय मौजूद दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

वहीं, जहां ये वारदात हुई उससे महज 20 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ स्थित है. घटना के समय पुलिस के दो जवान भी मौके पर मौजूद थे. पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान दोनों जवान घटनास्थल के पास मौजूद थे, लेकिन आरोपित को रोकने या पकड़ने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई. जिसके चलते एसपी बिलासपुर ने इस मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में बीच सड़क युवक को कुल्हाड़ी से काटा, 2 साल पहले शुरू हुए राजनीतिक गैंगवार से जुड़ा है मामला?

ये भी पढ़ें: फोरलेन पर कुल्हाड़ी से हमले का मामला, दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

ये भी पढ़ें: पुलिस ने किया बड़ी चोरी का खुलासा, 15 तोला सोना और 4 किलो चांदी पर हाथ किया था साफ

ये भी पढ़ें: चलती HRTC बस पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, शीशा तोड़कर घुसा अंदर