झुमका पर्यटक स्थल में VB G RAM G जागरूकता कार्यक्रम, मोबाइल फ्लैशलाइट से मानव श्रृंखला
कोरिया में राष्ट्रभक्ति और जनजागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला. वंदे मातरम् की 150वीं जयंती पर सामूहिक गान भी किया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 27, 2026 at 11:04 AM IST
|Updated : February 27, 2026 at 12:34 PM IST
कोरिया: प्रसिद्ध पर्यटन स्थल झुमका स्थित ओपन थिएटर में एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां राष्ट्रभक्ति, जनसंवाद और विकास योजनाओं की जानकारी एक साथ देखने को मिली. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मोबाइल फ्लैशलाइट की रोशनी में मानव श्रृंखला बनाकर ‘VB G RAM G’ की आकृति तैयार करना रहा. यह कोई सामान्य रोशनी नहीं थी, बल्कि सैकड़ों लोगों की सहभागिता से निर्मित वह प्रतीकात्मक उजाला था, जिसने पूरे वातावरण को जागरूकता और उत्साह से भर दिया.
सामूहिक वंदे मातरम गान
कैंडल लाइट की रोशनी में वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर सामूहिक गान हुआ. जैसे ही ओपन थिएटर राष्ट्रगीत की स्वर-लहरियों से गूंजा, पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा. मौजूद लोगों, युवाओं और अधिकारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान प्रस्तुत कर ऐतिहासिक क्षण को यादगार बना दिया.
VB G RAM G योजना पर विशेष जनसंवाद
आयोजन का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक प्रस्तुति तक सीमित नहीं था, बल्कि ‘VB G RAM G’ योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और इससे जुड़ी भ्रांतियों के निराकरण पर भी विशेष फोकस रहा.जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में जनसंवाद आयोजित किया गया, जिसमें योजना के मुख्य बिंदुओं और प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई.

कार्यक्रम में कलेक्टर कोरिया चंदन संजय त्रिपाठी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आशुतोष चतुर्वेदी सहित जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
मनरेगा से आगे: 125 दिवस रोजगार की गारंटी
मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि यह योजना मनरेगा के साथ समन्वय में संचालित की जा रही है. उन्होंने कहा कि पहले जहां मनरेगा के तहत 100 दिवस के रोजगार की गारंटी थी, वहीं अब ‘VB G RAM G’ योजना के माध्यम से इसे बढ़ाकर 125 दिवस किया गया है. उन्होंने जानकारी दी कि 26 जनवरी के बाद योजना के क्रियान्वयन के निर्देश प्राप्त हुए और 8 मार्च तक व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है. योजना के अंतर्गत ग्रामीण अधोसंरचना, जल संरक्षण संरचनाएं और अन्य सामुदायिक कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे गांवों में स्थायी विकास को बढ़ावा मिलेगा.

सीजन के अनुसार कार्य, ग्रामीणों को अधिक अवसर
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि फसल सीजन के बाद का समय ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा कार्य करने के लिए उपयुक्त होता है. इसी को ध्यान में रखते हुए योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें. उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत लगभग 125 दिवस का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी.

कलेक्टर ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्राप्त है और उसके सम्मान व संरक्षण के उद्देश्य से कार्यक्रम में सामूहिक गान का आयोजन किया गया.

