पर्यटकों का गाइड बनेगा स्पेशल इंफार्मेशन सेंटर; पर्यटन विभाग ने तैयार किया मास्टर प्लान
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि इंफार्मेशन सेंटर पर ही मॉडर्न वेटिंग लाउंज होगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 11:27 AM IST
वाराणसी: पर्यटन विभाग वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पर्यटन सूचना केंद्र तैयार करेगा. यहां बनारस आने वाले पर्यटकों को सभी सूचनाएं मिल सकेंगी. सेंटर पर वेटिंग लाउंज और कैफेटेरिया की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
संयुक्त निदेशक पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर मॉडर्न और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इंफार्मेशन सेंटर बनाया जाएगा.
यहां पर्यटकों को बनारस के सभी पर्यटन केंद्रों की जानकारी, वहां तक पहुंचने की जानकारी, टैक्सी का किराया आदि की पूरी जानकारी दी जाएगी. इतना ही नहीं वाराणसी से चलने वाली ट्रेन की जानकारी भी पर्यटकों को दी जाएगी.
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि इंफार्मेशन सेंटर पर ही मॉडर्न वेटिंग लाउंज होगा. कैफेटेरिया की सुविधा होगी. यहां बने सूचना काउंटर पर यात्रियों को शहर के तमाम स्थानों की जानकारी मिलेगी.
किन स्थानों पर टिकट मिलता है, ऑनलाइन या ऑफलाइन टिकट की क्या कीमत है? यह भी बताया जाएगा. शहर के विभिन्न स्थानों पर कैसे पहुंचा जा सकता है? वहां के लिए टैक्सी या ऑटो का किराया कितना है? यह भी डिस्प्ले होगा.
उन्होंने बताया कि यहां पर पर्यटन विभाग के कर्मचारी अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि किसी पर्यटक को किसी प्रकार की कोई दिक्कत होती है, तो वह उसका समाधान कर सके. उन्होंने बताया कि इस पर्यटन केंद्र का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों तक सटीक सही जानकारी पहुंचाना है.
वाराणसी का कैंट रेलवे स्टेशन शहर का सबसे व्यस्ततम रेलवे स्टेशन माना जाता है. हर दिन यहां 80000 से लेकर के 1 लाख तक यात्रियों का फुटफॉल होता है. बड़ी संख्या में यात्री यहां आते हैं और शहर में भ्रमण करते हैं.

