वाराणसी: वकील पर गोली चलाने वाला सपा नेता गिरधारी सिंह पटेल गिरफ्तार, अधिवक्ताओं ने किया था लंका थाने का घेराव
नाराज वकीलों के थाने का घेराव के बाद एडीसीपी वैभव बांगर के निर्देश पर आरोपी नेता को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 1, 2026 at 9:46 PM IST
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक समाजवादी पार्टी नेता की दबंगई और गुंडई का मामला सामने आया है. इस वारदात से नाराज वकीलों ने देर रात स्थानीय पुलिस थाने का घेराव किया. यह मामला वाराणसी के थाना लंका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिर गोवर्धन इलाके का है.
यहां एक वकील की पुश्तैनी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने पहुंचे सपा नेता और दो बार के पूर्व ब्लॉक प्रमुख गिरधारी सिंह पटेल पर गंभीर आरोप लगे हैं.
विरोध करने पर एडवोकेट पर चलाई गोली: आरोप है कि गिरधारी सिंह ने जमीन कब्जा करने का विरोध करने पर जमीन के मालिक एडवोकेट सुरेंद्र यादव पर गोली चला दी. हालांकि, स्थानीय लोगों की नाराज़गी और बढ़ती भीड़ को देखकर सपा नेता तुरंत अपने साथियों सहित मौके से फरार हो गया. पीड़ित के साथी अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर लंका थाने का घेराव किया. वकीलों के दबाव के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी नेता को गिरफ्तार कर लिया.
पीड़ित वकील सुरेंद्र यादव बाल-बाल बचे: फायरिंग में पीड़ित वक़ील सुरेंद्र यादव बाल-बाल बच गए. पीड़ित एडवोकेट सुरेंद्र यादव का लिखित आरोप है कि सपा नेता गिरधारी सिंह पटेल अपने असलहाधारी समर्थकों के साथ उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने पहुंचा था. जब सुरेंद्र ने इसका विरोध किया, तो नेता और उनके गुर्गों ने उन्हें लात-घूसों से बेरहमी से मारना-पीटना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें शरीर पर काफी चोटें आई हैं. इसी मारपीट के दौरान जब आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित होने लगी, तो खुद को घिरता देख सपा नेता गिरधारी ने उन पर पिस्टल से फायर झोंक दिया.

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज: गोली उनके कान के ठीक बगल से निकल गई. इस हमले की सूचना पाते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर तुरंत एसीपी और एडीसीपी पुलिस बल के साथ पहुंचे. अधिकारियों ने मौका-ए-वारदात का मुआयना किया और पीड़ित अधिवक्ताओं से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जानकारी ली. एडीसीपी वाराणसी वैभव बांगर ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
लाइसेंसी पिस्टल बरामद, खंगाली जा रही कुंडली: मुख्य आरोपी सपा नेता गिरधारी सिंह पटेल को उसके छिपने के ठिकाने से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है. इसके साथ ही पुलिस टीम ने सपा नेता के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई उसकी मुख्य लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार सपा नेता गिरधारी पर पहले से भी अलग-अलग थानों में आठ से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इन पुराने मामलों में रंगदारी, जमीन कब्जा करने और जालसाजी जैसे संगीन आरोप शामिल हैं, जिनकी फाइलें पुलिस अब दोबारा खोल रही है.
यह भी पढ़ें- वाराणसी में 19 हेक्टेयर में तैयार होगा वेटलैंड, इको टूरिज्म को बढ़ाने में मिलेगी मदद, प्राधिकरण से मिली मंजूरी

