10 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में महिला गिरफ्तार; पुलिस ने सोनीपत से पकड़ा, पति पहले ही जा चुका है जेल
एडीसीपी सरवणन टी ने बताया कि व्यापारियों से धोखाधड़ी के छह मामले थाने में दर्ज हैं.


By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 7:43 PM IST
|Updated : January 8, 2026 at 10:57 PM IST
वाराणसी : वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने 10 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस 6 मामलों में महिला की तलाश कर रही थी. पुलिस ने बुधवार को हरियाणा के सोनीपत से 35 लाख रुपये की ठगी के आरोप में ऋचा भार्गव (45) को गिरफ्तार किया है.
एडीसीपी सरवणन टी ने बताया कि आरोपी ऋचा भार्गव एवं उसके पति शरद भार्गव पर कागज के थोक व्यापारी से करीब 35 लाख रुपये का माल लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप है. इस मामले में महिला की गिरफ्तारी की गई है. धनश्याम प्रसाद चौधरी ने 24 नवंबर 2025 को थाना चौक में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने विभिन्न फर्मों के माध्यम से व्यापार करते हुए विश्वास अर्जित किया और बाद में बकाया रकम चुकाए बिना अपने कार्यालय और आवास बंद कर फरार हो गए. जांच में सामने आया कि आरोपियों पर अन्य व्यापारियों से भी इसी तरह की धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं.
अभियुक्ता ऋचा भार्गव के विरुद्ध वाराणसी कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी व साजिश से जुड़े छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. आरोपी महिला के पति शरद भार्गव को पहले ही थाना लंका पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. दोनों के खिलाफ लगभग 10 करोड़ का धोखाधड़ी का मामला दर्ज है.
एडीसीपी सरवणन टी ने बताया कि सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्ता की लोकेशन ट्रेस की गई और हरियाणा के सोनीपत से उसे गिरफ्तार किया गया. इन लोगों के ऊपर गैंगस्टर की कार्यवाही की जाएगी. गिरफ्तार करने वाली टीम को 15 हजार इनाम दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें : वाराणसी के व्यापारियों से 7 करोड़ की ठगी करने वाला गिरफ्तार, पुलिस ने हरियाणा से पकड़ा, कई थानों में दर्ज है केस

