वाराणसी में मित्र की जगह बोर्ड परीक्षा देने वाला फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार, तीन महीने से था फरार
सिंधोरा थाना क्षेत्र स्थित एसबी इंटर कॉलेज बूंची में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा देने पहुंचा था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 3, 2026 at 7:21 AM IST
वाराणसी : कक्षा 12 की भौतिक विज्ञान परीक्षा में अपने मित्र के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने वाले अभियुक्त को सिंधोरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वास्तविक परीक्षार्थी वैभव कुमार सिंह को 31 मार्च को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था. मुख्य आरोपी नारायण भारद्वाज की पुलिस को तलाश थी. पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई.
थानाध्यक्ष सिंधोरा इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को ग्राम पियरी में दबिश देकर आरोपी नारायण भारद्वाज पुत्र फौजदार भारद्वाज निवासी ग्राम पियरी, थाना चौबेपुर को गिरफ्तार किया. इसके विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है.
मामला 6 मार्च 2025 का है. सिंधोरा थाना क्षेत्र स्थित एसबी इंटर कॉलेज बूंची में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई थी. परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक ने परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र और आधार कार्ड पर अंकित फोटो का मिलान किया. फोटो में अंतर मिलने पर संदेह हुआ और गहन जांच की गई. जांच में पता चला कि परीक्षा दे रहा युवक वास्तविक परीक्षार्थी नहीं है, बल्कि किसी अन्य छात्र के स्थान पर परीक्षा देने आया है.
कक्ष निरीक्षक की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई. जांच के दौरान सामने आया कि परीक्षा देने वाला युवक नारायण भारद्वाज था जो अपने मित्र वैभव कुमार सिंह के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी.
पुलिस पूछताछ में नारायण भारद्वाज ने बताया कि उसकी वैभव कुमार सिंह से मित्रता था. वैभव भौतिक विज्ञान विषय में कमजोर था. इसलिए उसने उसके स्थान पर परीक्षा देने का निर्णय लिया. वह वैभव का प्रवेश पत्र और आधार कार्ड लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचा था. दस्तावेजों की जांच के दौरान उसे पकड़े जाने की आशंका हुई. जिसके बाद वह विद्यालय भवन की पहली मंजिल की छत से कूदकर फरार हो गया था.
यह भी पढ़ें : संतकबीरनगर में दूसरे की TGT परीक्षा देता साल्वर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें : पंजाब की यूनिवर्सिटी में लड़की बनकर परीक्षा देने पहुंचा लड़का, ऐसे हुई पहचान

