मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का प्रदर्शन; वाराणसी में उपवास पर बैठे अजय राय
कांग्रेस ने 45 दिवसीय राष्ट्रव्यापी ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ शुरू किया है. यह आंदोलन 25 फरवरी तक चलेगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 11, 2026 at 2:47 PM IST
वाराणसी : मनरेगा की जगह पर ‘वीबी-जी राम जी’ (Viksit Bharat-Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission (Gramin) (VB–G RAM G) कानून लागू किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने 45 दिवसीय मनरेगा बचाओ संग्राम रविवार से शुरू किया है. इसी कर्म में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को टाउनहाल के मैदागिन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने उपवास पर बैठ कर विरोध जताया. इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए. कांग्रेस का कहना है कि मनरेगा का नाम बदलना महात्मा गांधी का अपमान है.
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस ने आज से 45 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ शुरू कर दिया है. यह आंदोलन 25 फरवरी तक चलेगा. आज सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जा रहा है. अजय राय ने कहा कि मनरेगा का नाम ‘जीरामजी’ रखना महात्मा गांधी का अपमान है. नये नियम में 60 फीसदी पैसा केंद्र और 40 प्रतिशत राज्य सरकार देने का प्रावधान किया गया है. कई प्रदेश की सरकारों के पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने का भी बजट नहीं होता है. ऐसे में योजना का लाभ गरीब मजदूरों को नहीं मिलेगा.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा के मजदूरों को बीते 9 महीने से मानदेय नहीं दिया गया है. मोदी सरकार मनरेगा को पूरी तरह से समाप्त करने का काम कर रही है. विरोध करने और आवाज उठाने पर हमें नजरबंद किया जा रहा है. घर के बाहर पुलिस लगाई जा रही है. प्रदर्शन में वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र पांडेय, जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे.
अजय राय ने बताया कि "जीरामजी" योजना के विरोध में आज सभी जिला मुख्यालयों पर एक दिन का उपवास और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. 12 से 29 जनवरी तक सभी ग्राम पंचायतों में चौपाल और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. साथ ही 30 जनवरी को काम के अधिकार की मांग को लेकर वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा. 7 से 15 फरवरी के बीच विधानसभा का घेराव किया जाएगा. आंदोलन के अंतिम चरण में 16 से 25 फरवरी के बीच 4 बड़ी रैलियां आयोजित होंगी.
कांग्रेस प्रदेश ने कहा कि प्रियंका गांधी हमारी नेता हैं. उनका जन्मदिन प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा. उनका नेतृत्व पूरे देश के कार्यकर्ताओं को मिल रहा है. उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, केरल चुनाव सहित पूरे देश में चुनाव लड़ा जाएगा. इसके लिए 100 दिन का अभियान चलाया जा रहा है. जिसमें वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में 30 रैलियां आयोजित होंगी. अभियान का समापन लखनऊ में रमाबाई मैदान में आयोजित रैली के माध्यम से किया जाएगा. .
यह भी पढ़ें : MGNREGA का नाम बदलने के खिलाफ 17 दिसंबर को कांग्रेस का प्रदर्शन

