वाराणसी में AAP प्रवक्ता मुकेश सिंह गिरफ्तार: सरकारी स्कूल का भ्रामक वीडियो पोस्ट करने पर पुलिस ने भेजा 14 दिन की जेल
भ्रामक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर 14 दिन की जेल भेजा गया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 10:42 PM IST
वाराणसी: आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को वाराणसी पुलिस ने गुरुवार को दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया है. मुकेश सिंह पर 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत सरकारी स्कूल का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करने और भ्रामक सूचना फैलाने का आरोप है. आदमपुर पुलिस ने उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच से हिरासत में लिया था. उनके खिलाफ प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था.
प्रधानाध्यापक ने दर्ज कराया था मुकदमा: मुकेश सिंह ने प्राथमिक विद्यालय को लेकर एक वीडियो बनाते हुए इसके बंद होने की बात कही थी और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया था. इस मामले में प्राथमिक विद्यालय कुनिया के प्रिंसिपल कमलेश दत्त पांडेय ने आदमपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आप नेता मुकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उस स्कूल की गलत तस्वीर पेश की, जिसे पहले ही किसी दूसरे स्कूल में शिफ्ट किया जा चुका है.
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल: वर्ष 2023 में जर्जर छत गिरने के बाद ही इस स्कूल को पास की दूसरी इमारत में शिफ्ट करने की कार्रवाई की गई थी. पुलिस ने मुकेश सिंह को गिरफ्तार करने के बाद कबीर चौरा अस्पताल में मेडिकल कराया, जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. मुकेश सिंह ने 21 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर 2 मिनट 10 सेकंड का वीडियो शेयर किया था.
दूसरे स्कूल में संचालित हो रहा है प्राथमिक विद्यालय: प्रिंसिपल कमलेश दत्त के मुताबिक खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर स्कूल वर्तमान में दूसरे भवन में चल रहा है, जहां 52 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इस पुरानी बिल्डिंग का मामला न्यायालय में विचाराधीन है और स्टे होने के कारण पुनर्निर्माण नहीं हो सका है. आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने पुष्टि की है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था.
यह भी पढ़ें- राखी पर रेलवे का तोहफा: प्रयागराज से शकूरबस्ती के बीच चलेगी 1 और स्पेशल ट्रेन, देखें पूरा शेड्यूल

