वंदे भारत ट्रेन में आई तकनीकी खराबी, वाराणसी स्टेशन पर 4 घंटे खड़ी रही
मरम्मत के बाद गाड़ी संख्या 56506 खजुराहो के लिए रवाना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 31, 2026 at 7:10 PM IST
वाराणसी: बनारस से खजुराहो जाने वाली गाड़ी संख्या 26506 वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण वाराणसी जंक्शन पर रोकनी पड़ी. ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 05:15 बजे वाराणसी स्टेशन से गुजरी, लेकिन पैंटोग्राफ में तकनीकी गड़बड़ी आ गई. इसके बाद 4 घंटे की देरी से खजुराहो के लिए रवाना की गई.
वाराणसी जंक्शन इस ट्रेन का निर्धारित ठहराव नहीं है, फिर भी यात्री सुरक्षा को देखते हुए हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की. सूचना मिलते ही उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा मरम्मत कार्य शुरू किया गया.
अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वाष्र्णेय और सहायक विद्युत अभियंता कार्तिकेय सिंह ने मौके पर पहुंचकर कार्य की निगरानी की. वहीं बनारस स्टेशन के यांत्रिक विभाग के अधिकारी भी वाराणसी जंक्शन पहुंचे.
मरम्मत के दौरान अग्रिम पैंटोग्राफ की भी विस्तृत जांच की गई. सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ट्रेन को सुबह 09:35 बजे 4 घंटे 07 मिनट की देरी से खजुराहो के लिए रवाना किया गया. रेलवे प्रशासन ने इस दौरान यात्री सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा. ट्रेन का वातानुकूलित सिस्टम लगातार चालू रखा गया तथा यात्रियों की सुविधा के लिए स्वचालित दरवाजे खुले रखे गए. 168 यात्रियों में से भोजन विकल्प चुनने वाले 102 यात्रियों को नाश्ता उपलब्ध कराया गया, जबकि शेष 66 यात्रियों को निःशुल्क जलपान और पेयजल वितरित किया गया.
यह भी पढ़ें: राजीव कृष्ण उत्तर प्रदेश के पूर्णकालिक डीजीपी बनाए गए, CM योगी से मिले

