सीतापुर में मवेशी से टकराई वंदे भारत एक्सप्रेस, ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, 20 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
डालीगंज (गोमतीनगर) से सहारनपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन नीलगांव रेलवे क्रॉसिंग संख्या 39-सी के पास अचानक सामने आए मवेशी से टकरा गई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 10:22 PM IST
सीतापुर : वंदे भारत ट्रेन शुक्रवार को हादसे का शिकार हो गई. अटरिया कस्बे में डालीगंज (गोमतीनगर) से सहारनपुर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 26504 नीलगांव रेलवे क्रॉसिंग संख्या 39-सी के पास अचानक सामने आए एक मवेशी से टकरा गई. घटना शाम करीब 5 बजे की है. टक्कर में मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वंदे भारत एक्सप्रेस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा.
अटरिया स्टेशन मास्टर संजय सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेन को स्टेशन पर लगभग 20 मिनट तक रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. मवेशी के टकराने से ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है. सुरक्षा की दृष्टि से क्षतिग्रस्त हिस्से को अस्थायी रूप से बांधकर सुरक्षित किया गया, जिसके बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया. हादसे में कोई यात्री घायल नहीं है, मामले की जांच की जा रही है.
नीलगांव रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ हादसा : स्टेशन मास्टर संजय सिंह ने बताया, वंदे भारत एक्सप्रेस (26504) लखनऊ-सहारनपुर डालीगंज से सहारनपुर के लिए रवाना हुई, शाम पांच बजे जब ट्रेन सीतापुर के अटरिया कस्बे में नीलगांव रेलवे क्रासिंग से क्रॉस हो रही थी, तभी अचानक एक मवेशी ट्रेन के आगे आ गया. ट्रेन के पायलट ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी रोकी. जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कम्प मच गया. दुर्घटना में जानवर गंभीर रूप से घायल हो गया. जबकि वंदे भारत का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
9 दिसंबर से दोबारा शुरू हुआ है संचालन : लखनऊ से सहारनपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 9 दिसंबर से नियमित संचालन शुरू कर हुआ. यह ट्रेन सोमवार छोड़कर सप्ताह के सभी दिन चलेगी. रेलवे ने टिकट बुकिंग खोल दी है और अभी करीब 420 सीटें उपलब्ध हैं. लखनऊ से सीतापुर तक चेयरकार का किराया 495 रुपए और एग्जीक्यूटिव क्लास का 930 रुपए तय किया गया है. लगभग 80 किमी का यह सफर ट्रेन 1 घंटा 5 मिनट में पूरा करेगी.
यह भी पढ़ें : मेरी पत्नी का यूट्यूबर शादाब जकाती से अफेयर, जान का खतरा... थाने में रोते हुए की शिकायत, ईरम का जवाब- पैसों के लिए जाती हूं

