वैलेंटाइन डे पर प्रेमिका नहीं आई मिलने, नाराज प्रेमी ने कर ली खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
वैलेंटाइन डे पर प्रेमिका के न मिलने आने से आहत युवक ने खुदकुशी कर ली.

Published : February 16, 2026 at 9:50 AM IST
रेवाड़ी: जिले के बावल थाना क्षेत्र में वेलेंटाइन डे पर प्रेमिका के मिलने ना आने से खफा प्रेमी ने खुदकुशी कर ली. मृतक का नाम प्रतीक है. वो 21 साल का था. गांव नंगल तेजू का रहने वाला था. परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानें पूरा मामला: दरअसल ये पूरा मामला रेवाड़ी जिले के बावल थाना क्षेत्र का है. यहां गांव नंगल तेजू का रहने वाला युवक प्रतीक 14 फरवरी को अपनी प्रेमिका से मिलना चाहता था. हालांकि प्रेमिका ने किसी कारण से प्रेमी से मिलने से मना कर दिया. पुलिस की मानें तो उस युवती की शादी पहले ही किसी और जगह तय हो चुकी थी. इसलिए वो मिलने नहीं आई. नाराज होकर प्रतीक ने खुदकुशी कर ली.
अचानक तबियत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन: प्रतिक के परिजनों का कहना है कि वो अपने चाचा को बावल छोड़ने गया था. जब वो घर लौटा तो उसकी तबियत अचानक बिगड़ने लगी. मुंह से झाग आते देख परिजन उसे बावल के निजी अस्पताल लेकर गए. वहां से उसे रेवाड़ी रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
माता-पिता का इकलौता बेटा थे प्रतीक: प्रतीक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसकी दो बहने थी. मृतक के परिजनों का कहना है कि उसी दिन लड़की के परिजनों ने युवक के परिवार से संपर्क कर प्रतीक को अपनी बेटी को परेशान न करने की बात कही थी.
जांच में जुटी पुलिस: इस पूरे मामले में बावल थाना क्षेत्र के जांच अधिकारी एसआई करण सिंह ने कहा कि, "प्राथमिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है."
ये भी पढ़ें:हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव, बारिश के बाद तापमान में होगी और बढ़ोतरी, बढ़ेगी गर्मी

