एक फूल प्यार के नाम... फूल-गिफ्ट्स की कीमत नहीं, भावनाओं का एहसास जरूरी, महंगाई के बावजूद धड़ाधड़ हो रही फ्लावर्स सेल
चंडीगढ़ के बाजारों में वेलेंटाइन वीक की रौनक देखने को मिल रही है. महंगाई के बावजूद कीमती फूलों और गिफ्ट्स की मांग तेजी से बढ़ी.


Published : February 10, 2026 at 9:09 AM IST
|Updated : February 10, 2026 at 12:25 PM IST
चंडीगढ़: सिटी ब्यूटीफुल के बाजारों में इस वेलेंटाइन वीक रौनक बढ़ गई है और इस बीच युवाओं का उत्साह भी देखने को मिल रहा है. आज प्यार के इस वीक का टेडी डे मनाया जा रहा है. इस मौके पर शहर के बाजार पूरी तरह वेलेंटाइन के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं, जिससे बाजारों की रौनक और खूबसूरती बेहद ज्यादा बढ़ गई है. सिटी ब्यूटीफुल की वादियों में वेलेंटाइन वीक में मोहब्बत का खुमार चढ़ा हुआ है. जिसके चलते अब बाजारों में फूलों के क्या दाम है, इससे फूल देने वाले को कोई मतलब नहीं है. फूलों का प्राइज भले महंगा हो, लेकिन युवाओं पर कोई असर नहीं है. आखिरकार भाई उन्हें भी तो अपने प्यार का इजहार करना है. इसलिए महंगाई के बावजूद धड़ाधड़ फूल बिक रहे हैं और टेडी शॉप्स पर भी खूब रौनक लगी हुई है.
क्या है फ्लावर्स और गिफ्ट्स के दाम: अब आपको बताते हैं बाजारों में फूलों के यहां पर क्या दाम है. सबसे पहले बात करते हैं 35 सेक्टर मार्केट की जहां पिछले 25 वर्षों से फूल और गिफ्ट्स की दुकान चला रहे दुकानदार अरुण भाटिया ने बताया कि "वेलेंटाइन वीक में हर साल मांग बढ़ती जा रही है. टेडी के जीरो साइज से लेकर 6 फुट तक के बड़े टेडी बियर दुकानों पर सजाए गए हैं. बच्चों, युवाओं और कपल्स में टेडी का खास क्रेज देखा जा रहा है. दुकानदारों के मुताबिक, छोटे टेडी 150-200 रुपये मिल रहे हैं. जबकि 3-4 फुट के टेडी 1250-1450 रुपये और 6 फुट तक के टेडी 2500 रुपये तक बिक रहे हैं. रेड लव टेडी और स्वीट टेडी सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं. स्कूल के बच्चे भी 150-1000 रुपये तक के टेडी शौक से खरीद रहे हैं".
चॉक्लेट फ्लावर बुके: दुकानदार ने बताया कि "तीन पीस फेररो रोशे चॉकलेट 150 रुपये से शुरू हो रही है. जबकि बड़े फेररो बॉक्स 500-1200 रुपये तक बिक रहे हैं. जिनमें चॉकलेट, टेडी, हार्ट और वेलेंटाइन बलून शामिल होते हैं. ऐसे बुके रोज 30-40 तक बिक रहे हैं. दुकानदारों ने बताया कि नए शादीशुदा जोड़े अपनी पसंद की लोकल चॉकलेट से खास गिफ्ट भी बनवा रहे हैं. वहीं, चॉकलेट स्टिक, हार्ट शेप बॉक्स चॉकलेट फ्लावर बुके 200-800 और 1000 रुपये तक में उपलब्ध हैं".
गुलाब बुके की कीमत: दुकानदार ने बताया कि "आम दिनों में जो गुलाब 10-15 रुपये में मिल जाता है, वही फूल वेलेंटाइन वीक में 25-40 रुपये तक बिक रहा है. गुलाब के गुलदस्तों की कीमत भी 300 रुपये से शुरू होकर 2000 रुपये तक पहुंच गई है. फिर भी खरीदारों की कमी नहीं है. वेलेंटाइन डे प्यार जताने का खास दिन होता है, इसलिए दाम ज्यादा होने के बावजूद वे फूल खरीद रहे हैं".
अभी और बढ़ेगी फूलों की मांग और दाम: फूल और गिफ्ट्स खरीदने आए हुए लोगों ने कहा कि "फूल भले महंगे हो, लेकिन भावनाओं का कोई मोल नहीं होता. इसलिए वेलेंटाइन वीक फूल तो खरीदना बनता है. इसलिए अपनों के लिए और अपने प्यार के लिए इस वेलेंटाइन वीक पर जरूर फूल दें. प्यार से रहें और खुशियां बांटे. मिलजुलकर रहें". वहीं, दुकानदार ने कहा कि "आने वाले दिनों में खासकर 13-14 फरवरी को फूलों की कीमत और ज्यादा बढ़ सकती है. दामों में हल्का इजाफा भी हो सकता है. कुल मिलाकर वेलेंटाइन वीक में फूलों के दाम जरूर बढ़े हैं. लेकिन प्यार के इस मौसम में बाजारों की रौनक और फूलों की खुशबू दोनों बढ़ती जा रही है".
ये भी पढ़ें: Valentine Day Special: सच्चे प्यार की ऐसी मिसाल, जिसने पानी पर चला दी साइकिल

