आधी रात बम के हमलों में कांपा इलाका, निशाने पर था किराना कारोबारी
वैशाली में किराना दुकानदार के घर पर लगातार दो बम से हमला किया गया. हमला आधी रात को हुआ इससे दहशत फैल गई. पढ़ें-

Published : July 9, 2026 at 1:24 PM IST
वैशाली : बिहार के वैशाली जिले में एक किराना दुकानदार के घर पर बदमाशों ने बम से हमला कर दिया. बमबाजी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. इधर किराना दुकानदार ने पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
वैशाली में आधी रात बम से हमला : पीड़ित दुकानदार उदय मिश्र ने बताया कि देर रात करीब 12-1 बजे के बीच उनके दरवाजे पर दो बम फेंके गए. उस समय लगा कि कहीं ट्रक का पहिया फटा है. धमाके जैसी आवाज है. सुबह देखा तो सुतली, शीशे, फूल के गमले में लगे फूल के पौधे इधर-उधर बिखरे हुए पड़े थे.
दो जिंदा बम भी बरामद : पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सदर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची जहां से पुलिस ने 2 विस्फोटित बम के अवशेष और 2 जिंदा सुतली बम बरामद किया है. दोनों बमों को पुलिस ने निष्क्रिय कर दिया है. इस मामले में पुलिस की कार्रवाई चल रही है.
एफएसएल और बम स्क्वॉड : पुलिस ने बताया कि जांच के लिए मौके पर FSL की टीम और बम स्क्वॉड को भी बुलाया गया है. इस बारे में सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार ने बताया कि किराना दुकानदार का पूर्व से भी विवाद चला आ रहा है. उदय मिश्रा के लड़के पर पहले से 3 से अधिक मामले दर्ज हैं.

'हर पहलू पर पुलिस कर रही जांच' : एसडीपीओ सुबोध कुमार ने प्राथमिक जांच के आधार पर बताया कि घर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त मिला है. उससे छेड़छाड़ की आशंका है. इस पहलू पर भी पुलिस और एफएसएल की टीम जांच कर रही है. इस बमबाजी में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. यह धमाका दहशत फैलाने के लिए किया गया है.
''इस मामले में पूर्व से विवाद चला आ रहा है, उदय मिश्रा के लड़के पर पहले से 3 से अधिक मामले दर्ज हैं. घर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त मिला है, उसमें छेड़छाड़ की आशंका है. इस पहलू पर भी जांच की जा रही है.''- सुबोध कुमार, सदर एसडीपीओ-1
ये भी पढ़ें-

