ETV Bharat / state

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक 175 रनों की पारी से बिहार में जश्न, दादा ने कहा- 'मार्च के बाद टूट जाएगा दरवाजा'

भारत के U-19 विश्व कप फाइनल जीतने से समस्तीपुर में जश्न. वैभव सूर्यवंशी ने 175 रन ठोके पर दादा बोले- वे चक्रवात बन गए. पढ़ें-

Vaibhav Suryavanshi Record
वैभव सूर्यवंशी की पारी का जश्न (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 7, 2026 at 2:49 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

समस्तीपुर: भारत की क्रिकेट टीम ने ICC U-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. हरारे में खेले गए इस निर्णायक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411/9 का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली. यह U-19 विश्व कप फाइनल में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है. वैभव के शानदार प्रदर्शन को देखकर समस्तीपुर में जश्न मनाया गया.

वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारी: वैभव की 175 रनों की विस्फोटक पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे. इंग्लैंड की टीम 311 रनों पर ऑलआउट हो गई. इस जीत से भारत ने अपना छठा U-19 विश्व कप खिताब जीता, जो टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक है. वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी पर उनके दादा उपेंद्र प्रसाद सिंह ने खुशी जाहिर की है.

वैभव सूर्यवंशी की जीत का जश्न (ETV Bharat)

दादा ने कहा- वैभव चक्रवात बन गए: वैभव के दादा ने कहा, "हमें मालूम था कि वे फाइनल में बवंडर बनकर आएगा, लेकिन वे तो चक्रवात बन गया." उन्होंने वैभव की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि 15 साल से कम उम्र का लड़का इतने कम गेंदों में 175 रन ठोक दे, इससे बेहतर क्या हो सकता है. हालांकि दोहरा शतक चूक गए, लेकिन प्रदर्शन शानदार था.

"अगर टीम के अन्य खिलाड़ियों का बेहतर साथ मिलता तो और बड़ा स्कोर बन सकता था. वैभव को जल्द सीनियर भारतीय टीम में शामिल करना चाहिए. मार्च के बाद वे भारतीय जर्सी के लिए दरवाजा तोड़ने को तैयार हैं."-उपेंद्र प्रसाद सिंह, दादा

Vaibhav Suryavanshi
लोगों ने एक-दूसरे को लगाई गुलाल (ETV Bharat)

ताजपुर में खुशी की लहर: वैभव के गृह नगर समस्तीपुर के ताजपुर में उनकी पारी की खबर मिलते ही जश्न का माहौल बन गया. स्थानीय निवासी और क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए. जगह-जगह पटाखे फोड़े गए और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई गई. ताजपुर के युवा क्रिकेटर वैभव ने न केवल देश का नाम रोशन किया, बल्कि अपने गांव को भी विश्व पटल पर पहुंचा दिया. यह पारी स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.

स्थानीय नेताओं और बुद्धिजीवियों की बधाई: वैभव के शानदार प्रदर्शन पर समस्तीपुर के जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने बधाई दी. चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष चौधरी, उपचेयरमैन प्रतिनिधि अनिकेत कुमार अंशु, राजीव सूर्यवंशी, जितेंद्र कुमार और उमेश कौशिक सहित कई प्रमुख व्यक्तियों ने वैभव को शुभकामनाएं दीं. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी ऐसे ही धमाकेदार प्रदर्शन करते रहेंगे. पटेल मैदान में भी क्रिकेटरों ने पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया, जहां वैभव के कोच बृजेश कुमार झा भी शामिल हुए.

वैभव के प्रदर्शन पर क्रिकेट जगत में चर्चा: वैभव सूर्यवंशी की यह पारी क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. कमेंट्री में एक पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि 15 साल से कम उम्र का देहात का लड़का 100 मीटर के छक्के मार रहा है, इससे बड़ी गर्व की बात क्या हो सकती है. वैभव ने न केवल रिकॉर्ड बनाए, बल्कि युवा क्रिकेटरों के लिए नया मानक स्थापित किया. उनकी इस पारी से बिहार और समस्तीपुर का नाम पूरे देश में गूंजा है.

सीनियर टीम में जगह बनाने की उम्मीद: वैभव के दादा उपेंद्र प्रसाद सिंह ने जोर देकर कहा कि वैभव भारतीय सीनियर टीम के लिए तैयार हैं और जल्द ही दरवाजा टूट जाएगा. उनकी उम्र और प्रतिभा को देखते हुए कई क्रिकेटर मानते हैं कि वह जल्द ही बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं. यह जीत बिहार के क्रिकेट इतिहास में एक सुनहरा अध्याय है.

बिहार क्रिकेट के लिए गौरव का क्षण: यह विश्व कप जीत बिहार के लिए बेहद गौरव का क्षण है. वैभव सूर्यवंशी जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी के उदय से राज्य में क्रिकेट की नई लहर पैदा हुई है. स्थानीय स्तर पर जश्न और बधाइयों का सिलसिला जारी है, जो वैभव की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है. बिहार के युवा अब वैभव को अपना आदर्श मानकर आगे बढ़ रहे हैं.

ये भी पढ़ें-

बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में तूफानी शतक, हर जगह जश्न

वैभव सूर्यवंशी ने U19 वर्ल्ड कप फाइनल में तोड़े तीन बड़े रिकॉर्ड, एक क्लिक में देखें सारे रिकॉर्ड

बिहार का 'वैभव', 15 चौके और 15 छक्कों के साथ बनाए 175 रन, पिता ने छोड़ दिया था अपना काम