ETV Bharat / state

बिहार के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, U-19 वर्ल्ड कप फाइनल में तूफानी शतक, हर जगह जश्न

वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर से दक्षिण अफ्रिका में गरजा. इसकी गूंज भारत में सुनाई पड़ी. लोग पारी देखकर जश्न मना रहे हैं. पढ़ें खबर

VAIBHAV SURYAVANSHI
जब पीएम मोदी के साथ वैभव सूर्यवंशी और उनके माता-पिता की हुई थी मुलाकात (सौ. पीएम मोदी X)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 6, 2026 at 7:09 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : दक्षिण अफ्रीका के हरारे में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने पूरी क्रिकेट दुनिया को चौंका दिया है. महज 14 साल की उम्र में वैभव ने खिताबी मुकाबले जैसे सबसे बड़े मंच पर 55 गेंदों में तूफानी शतक जड़ते हुए इतिहास रच दिया. इस विस्फोटक पारी के दम पर उन्होंने न सिर्फ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए, बल्कि भारतीय टीम को विश्व विजेता बनने की दहलीज पर पहुंचा दिया.

परिवारवाले मना रहे जश्न : बिहार के बेटे की इस तुफानी पारी से हर भारतवासी खुश है. बिहार में समस्तीपुर से लेकर मुजफ्फरपुर तक वैभव के परिवारवाले जश्न मना रहे हैं. समस्तीपुर में जहां वैभव सूर्यवंशी का पैतृक घर है. वहीं मुजफ्फरपुर में उसके मामा राहुल सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं.

''हम सभी लोग एक साथ बैठकर मैच देख रहे थे. जिस प्रकार से वैभव ने चौके-छक्कों की बरसात की, वह देखकर दिल गदगद हो गया. परिवार में जश्न का माहौल है. लगातार बेहतरीन प्रदर्शन देखकर हमें काफी गर्व महसूस हो रहा है.''- राहुल सिंह, वैभव सूर्यवंशी के मामा

CM नीतीश ने दी बधाई : वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी शुभकामना दी है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार ने लिखा कि मेरी शुभकामना है कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रोशन करें.

''आज अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में बिहार के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है. वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बलबूते भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बन गए हैं.''- नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, बिहार

'बिहार की शान, भारत का गौरव- वैभव सूर्यवंशी' : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, बिहार की शान, भारत का गौरव- वैभव सूर्यवंशी! U-19 World Cup में 175 रनों की शानदार पारी खेलकर आपने न केवल बिहार का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे देश को गर्व से सराबोर कर दिया है.

''आपकी मेहनत, लगन और प्रतिभा ने यह साबित कर दिया कि बिहार के युवा किसी से कम नहीं हैं. आप हमारे लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं. आपको इस शानदार उपलब्धि के लिए ढेरों बधाई एवं शुभकामनाएं! आगे भी ऐसे ही देश और प्रदेश का मान बढ़ाते रहें.''- सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री, बिहार

गेंदबाजों पर हावी होने की कोशिश- कोच : वैभव सूर्यवंशी की धुआंधार पारी को देखने के बाद उनके कोच मनीष ओझा ने कहा कि वैभव ने आक्रामकता दिखाई है, वह महान प्लेयर की तरह प्रदर्शन किया है. फाइनल मैच में वैभव ने 15 छक्के, 15 चौके लगाए हैं. अच्छी बात यह है कि वैभव जब भी बल्लेबाजी करता है तब सकारात्मक रवैया अपनाता है. गेंदबाजों पर हावी होने की कोशिश करता है.

चौका-छक्का से 150 रन : फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की और शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक चौकों और लंबे छक्कों की बरसात करते हुए 80 गेंदों पर 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली.

उनकी इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 218.75 रहा, जो अंडर-19 विश्व कप फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में ऐतिहासिक आतिशी पारी है. वैभव ने 150 रन सिर्फ छक्के चौके से हासिल कर लिए.

55 गेंद में पूरा किया शतक : वैभव की यह पारी सिर्फ एक बड़ी पारी नहीं, बल्कि अंडर-19 विश्व कप इतिहास की सबसे यादगार पारियों में से एक बन गई है. उन्होंने 55 गेंदों में शतक पूरा कर खिताबी मुकाबले में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया. साथ ही यह अंडर-19 विश्व कप फाइनल का सबसे तेज शतक भी माना जा रहा है. इस पूरे टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला लगातार गरजता रहा.

सर्वाधिक छक्का लगाने वाले बल्लेबाज : फाइनल से पहले वैभव टूर्नामेंट में 15 छक्के लगा चुके थे और रिकॉर्ड तोड़ने के लिए उन्हें सिर्फ चार छक्कों की जरूरत थी. फाइनल में उन्होंने यह आंकड़ा बहुत आसानी से पार कर लिया और कुल 30 छक्कों के साथ अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 विश्व कप में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए.

कई कीर्तिमान अपने नाम किये : वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की इस पारी के साथ उन्होंने कई कीर्तिमान अपने नाम कर लिए. वह अंडर-19 विश्व कप इतिहास में फाइनल मुकाबले में शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बने. इसके साथ ही वह सबसे कम उम्र में अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं.

सबसे कम उम्र में व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी अब उनके नाम दर्ज हो गया है. वैभव के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि बड़े मैचों में उनका खेल और भी निखर कर सामने आता है. इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भी उन्होंने अहम अर्धशतक जड़कर भारत को फाइनल में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी.

क्लच प्लेयर बने वैभव : वैभव के हालिया प्रदर्शन और फाइनल में शतक लगाकर उन्होंने खुद को 'क्लच प्लेयर' के रूप में स्थापित कर दिया. क्रिकेट की भाषा में ऐसे खिलाड़ी को क्लच प्लेयर कहा जाता है, जो दबाव में टीम के लिए सबसे अहम योगदान देता है और वैभव इस परिभाषा पर पूरी तरह खरे उतरे हैं. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बन गया है. वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी ने बिहार क्रिकेट को नई पहचान दिलाई है.

बीसीए अध्यक्ष ने दी बधाई : बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव की इस पारी को बिहार और भारतीय क्रिकेट दोनों के लिए गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि जिस बिहार को कभी क्रिकेट में सीमित संसाधनों के लिए जाना जाता था, वहीं अब वहां से निकलकर एक 14 साल का खिलाड़ी दुनिया के सबसे बड़े जूनियर टूर्नामेंट में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बना रहा है.

''इतनी कम उम्र में बड़े मंच पर दबाव के बीच संयम और आक्रामकता के संतुलन के साथ खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होता, लेकिन वैभव ने यह साबित कर दिया कि वह मानसिक रूप से मजबूत खिलाड़ी हैं. वैभव का प्रदर्शन देशभर के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और आने वाले समय में वह भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दे सकते हैं.''- हर्षवर्धन, अध्यक्ष, बीसीए

ये भी पढ़ें :-

अंडर 19 वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड

अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा ऋषभ पंत का 10 साल पुराना रिकॉर्ड