उत्तराखंड में मुश्किल भरे होंगे अगले पांच दिन, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 28, 2026 at 7:46 PM IST
|Updated : August 28, 2026 at 8:23 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी की है. प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 28 अगस्त को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखा गया. देहरादून के साथ ही रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिले के कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश भी हुई है.
29 अगस्त को पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी जिले के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए आकाशीय बिजली के साथ अत्यधिक तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की है. इसी तरह, 30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, पिथौरागढ़, चमोली और नैनीताल में भारी बारिश हो सकती है. राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. इसी क्रम में, 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश का अनुमान है. साथ ही टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिले में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
इसके अलावा, एक सितंबर को पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. बाकी प्रदेश में अन्य जिलों में आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है. ऐसे में मौसम विभाग ने 28 से 1 सितम्बर तक प्रदेश के तमाम हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगो को खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानियां बरतने की सलाह दी है.
मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर है. प्रदेश के खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी रह सकती है. आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वो बारिश के दौरान बेवजह यात्रा करने से बचें, नदी-नालों और गाड़-गदेरों के पास न जाएं. आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में खड़े न हों. इसके साथ ही यात्रियों को पर्वतीय मार्गों पर आवाजाही से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है.
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ सीएस तोमर ने कहा कि वर्तमान समय में येलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है. कुछ स्थानों खासकर पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की आशंका बनी हुई है. मैदानी क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. ऐसे में प्रदेश के कुछ ही जिलों में भारी बारिश और बारिश के तीव्र और अति तीव्र दौर देखने को मिल सकती है. ऐसे में अगले पांच दिनों तक बारिश को लेकर चेतावनी येलो अलर्ट की दी गई है.
पढ़ें- उत्तराखंड में 40 घंटे से 'आफत'वाली बारिश! अस्त व्यस्त जनजीवन, नदियों में बही गाड़ियां
पढ़ें- उत्तराखंड में आफत'वाला' मानसून! 53 दिनों में 1944 सड़कें बाधित, 211 करोड़ का नुकसान
पढ़ें- उत्तराखंड में 1 सितंबर तक बारिश का अलर्ट, 30 को रहें विशेष सावधान, मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान

