उत्तराखंड में मौसम हुआ सुहावना, बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने दी राहत, जानिए कब आएगा मॉनसून
राजधानी देहरादून समेत उत्तराखंड के कई जिलों में सोमवार के बारिश हुई है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : June 29, 2026 at 2:50 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड में गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए सोमवार का दिन राहत लेकर आया. इस दिन देहरादून समेत राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश देखने को मिली. इस दौरान ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हुआ और लोगों को गर्मी और उमड़ से राहत मिली.
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से परेशान उत्तराखंड के लोगों को सोमवार को बड़ी राहत मिली. प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम अचानक सुहावना हो गया. देहरादून समेत राज्य के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई. वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है.
दरअसल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से लगातार तापमान बढ़ने और उमस के कारण लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई थी. खासतौर पर मैदानी जिलों में दिन के समय गर्मी और रात में उमस से लोग बेहाल थे. ऐसे में सोमवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली और राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में बादल छाने लगे. इसके बाद हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली.
सोमवार को देहरादून के अलावा टिहरी, उत्तरकाशी और चमोली जिलों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली. वहीं कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और अल्मोड़ा के कुछ हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई. कई स्थानों पर ठंडी हवाएं चलने से मौसम पूरी तरह बदल गया और लोगों को लंबे समय बाद राहत महसूस हुई.
राजधानी देहरादून में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसके कुछ समय बाद तेज बारिश भी हुई. हालांकि तेज बारिश का यह दौर ज्यादा देर तक नहीं चला, लेकिन इससे मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया.
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही राज्य के लिए अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई थी. विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. इसके अलावा पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की गई है.
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. विभाग के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बनी रह सकती है. इसके साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उधर मैदानी जिलों उधम सिंह नगर और हरिद्वार में भी मौसम बदलने के संकेत मिले हैं. मौसम विभाग ने इन जिलों में भी हल्की बारिश, गरज-चमक और झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान जताया है. विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
प्रदेश में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं और इन्हीं गतिविधियों के कारण कई हिस्सों में बारिश हो रही है. माना जा रहा है कि इस सप्ताह उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की औपचारिक दस्तक भी हो सकती है. यदि मौसम की यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और तेजी देखने को मिल सकती है.
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है. इसका सबसे ज्यादा असर मैदानी जिलों में देखने को मिलेगा, जहां पिछले कुछ दिनों से तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ था. फिलहाल प्रदेशभर में लोगों ने बदले मौसम का स्वागत किया है.
पढ़ें---

