ETV Bharat / state

पीएम निधि से उत्तराखंड को मिलेंगी 4 एमआरआई एवं 5 डिजिटल मैमोग्राफी मशीनें, एमओयू हुआ साइन

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और बेहतर बना के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ उत्तराखंड सरकार ने एमओयू साइन किया

UNION MINISTRY OF HEALTH
MoU दिखाते केंद्र और उत्तराखंड के अधिकारी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 30, 2026 at 7:25 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर किए जाने पर राज्य सरकार जोर दे रही है. बावजूद इसके स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होने का नाम नहीं ले रही हैं. इसके पीछे की मुख्य वजह यही है कि उत्तराखंड की जनसंख्या के साथ ही प्रदेश में आने वाली फ्लोटिंग पापुलेशन को भी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करनी पड़ती है. इसी क्रम में अब उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और बेहतर बनाए जाने को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ उत्तराखंड सरकार ने एमओयू साइन किया है.

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ उत्तराखंड का एमओयू: इस एमओयू के तहत उत्तराखंड को 4 एमआरआई, 5 डिजिटल मैमोग्राफी एवं 75 एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें प्राप्त होंगी. दरअसल, भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के बीच सोमवार को कर्तव्य भवन, नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर साइन किए गए. समझौते पर उत्तराखंड शासन की ओर से स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे और भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अपर सचिव आराधना पटनायक की उपस्थिति में साइन किया गया.

एमओयू के तहत उत्तराखंड को मिलेंगे ये चिकित्सा उपकरण: इस एमओयू के तहत प्रधानमंत्री निधि के जरिए उत्तराखंड को 4 एमआरआई (MRI) मशीनें, 5 डिजिटल मैमोग्राफी (DBT) मशीनें और 75 कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी. इन अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के उपलब्ध होने से प्रदेश के सरकारी चिकित्सालयों में जांच सुविधाओं का विस्तार होगा. साथ ही रोगों के समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण निदान में बेहतर सहायता मिलेगी. मुख्य रूप से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में एआई-सक्षम पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के जरिए मरीजों को उनके निकट ही बेहतर जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना भी संभव होगा.

उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में सुधरेगी स्वास्थ्य व्यवस्था: स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि-

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ हुए एमओयू से उत्तराखंड राज्य को आधुनिक तकनीक उपकरण उपलब्ध होंगे. इनसे प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं और अधिक बेहतर होंगी साथ ही मरीजों की समय पर जांच भी की जा सकेगी. प्रधानमंत्री निधि से प्राप्त होने वाली 75 एआई-सक्षम हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए काफी अधिक मददगार साबित होंगी.
-विनय शंकर पांडे, स्वास्थ्य सचिव-

ये भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग में अब पावरफुल होंगे CMO, ये अधिकार देने के साथ पहली बार महकमा कर रहा बड़ा प्रयोग